जयपुर। राजस्थान महिला कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह ने पीसीसी मुख्यालय में अपना पदभार संभाला। इसके बाद महिला कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक लेकर संगठन की आगामी रणनीति पर चर्चा की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सारिका सिंह ने भजनलाल सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि हर मोर्चे पर विफल भजनलाल सरकार ने जनता के लिए नई योजनाएं लाने की जगह पूर्ववर्ती सरकार की योजनाओं को बंद कर दिया। भाजपा ने चुनाव से पहले सत्ता हासिल करने के लिए बड़ी-बड़ी घोषणाएं की, लेकिन सत्ता मिलते ही वादों को भुला दिया। लोगों को 450 रुपए में सिलेण्डर देने की आधी अधूरी योजना है।
इंग्लिश मीडियम स्कूलों को बंद करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। भजनलाल सरकार में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। प्रदेश में जहां जहां महिला अत्याचारों के मामले बढ़े हैं, वहां महिला कार्यकर्ता पीड़ितों के घर जाकर उनसे मुलाकात करेंगी और सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा। राज्य सरकार ने महिलाओं के हित को ध्यान में रखते हुए बजट में कोई घोषणा नहीं की है।