स्कूलों की छुट्टी का बदला समय तो नहीं लगेगा जाम, देहरादून पुलिस का प्लान


देहरादून. एजुकेशन हब कहे जाने वाले देहरादून में कई सारे स्कूल-कॉलेज हैं. इनमें से कई स्कूल ऐसे हैं, जो मुख्य शहर के बीचोंबीच स्थित हैं. ऐसे में इनकी जब भी छुट्टी होती है, तो सड़कों पर जाम की स्थिति बन जाती है और लोगों को परेशानियां उठानी पड़ती हैं. यातायात पर इस तरह का दबाव पड़ने ट्रैफिक मैनेजमेंट का काम देहरादून पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती होता है. इसके लिए अब देहरादून पुलिस रणनीति तैयार कर रही है, जिससे स्कूलों की छुट्टी के समय यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके और लोगों को जाम के झाम से भी निजात मिल सके.

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने क्लस्टर एरिया में मौजूद 21 बड़े स्कूलों की छुट्टी के समय में बदलाव को लेकर प्रस्ताव भेजा है. इसी बीच अगर किसी भी स्कूल को इस पर आपत्ति होती है, तो वह 7 दिनों के भीतर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं. सभी की सहमति मिलने के बाद इसे स्थायी रूप से लागू कर दिया जाएगा.

पुलिस के प्लान से मिलेगी जाम से मुक्ति

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि क्लस्टर एरिया में 21 बड़े स्कूल स्थित हैं, जिनमें बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स पढ़ते हैं. छुट्टियां खत्म हो चुकी हैं और स्कूल दोबारा से खुल चुके हैं. हम देख रहे हैं कि स्कूलों की छुट्टी के दौरान यातायात पर दबाव बढ़ जाता है, जिससे बच्चों के अभिभावकों को तो परेशानी होती ही है, इसके साथ ही अन्य लोगों को भी ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ जाता है. शहर के कई मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ता देख उन्होंने पुलिस अधीक्षक यातायात को कलेक्टर एरिया में मौजूद इन स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय में बदलाव से ट्रैफिक पर होने वाले प्रभाव के आकलन करने के निर्देश दिए थे. उन्होंने कहा कि देहरादून की जिलाधिकारी को पत्र भेजकर समय बदलने का प्रस्ताव भेजा गया है. ईसी रोड, राजपुर रोड और नेहरू कॉलोनी स्थित कई ऐसे बड़े 21 स्कूल हैं, जिनकी एक साथ छुट्टी होने पर यातायात पर दबाव बढ़ जाता है. अगर इनकी छुट्टियों में थोड़ा बहुत भी अंतर होता है, तो यातायात पर इतना दबाव नहीं पड़ेगा.

Tags: Dehradun news, Dehradun police, Local18, Uttarakhand news