अजय देवगन की फिल्म से मिला ब्रेक तो चमकी किस्मत, अब उत्तराखंड की बेटी बॉलीवुड में अपनी आवाज से मचा रही धमाल


रोहित भट्ट/ अल्मोड़ा. उत्तराखंड की सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा ने देश को कई कलाकार दिए हैं. मशहूर लेखक और सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी अल्मोड़ा के रहने वाले हैं. वहीं, टेलीविजन इंडस्ट्री में अपना खासा नाम कमाने वाली रूप दुर्गापाल (Roop Durgapal) भी अल्मोड़ा निवासी हैं. अब इस फेहरिस्त में एक और नाम जुड़ गया है. हम बात कर रहे हैं अल्मोड़ा की रहने वाली शिखा जोशी की. साल 2021 में बॉलीवुड स्‍टार अजय देवगन की फिल्म भुज से उन्हें ब्रेक मिला था. इस फिल्म में उन्होंने थीम सॉन्ग गाया था, जिसे काफी पसंद किया गया.

बता दें कि शिखा जोशी (Shikha Joshi) का जन्म अल्मोड़ा में हुआ है. ‘लोकल 18’ से खास बातचीत में शिखा ने बताया कि उन्हें बचपन से ही संगीत का शौक था. उनके दादाजी मोहन चंद्र जोशी सितार वादक थे और उनके घर में पहले से ही संगीत का माहौल रहा है. जबकि उनके पिताजी जगत प्रकाश जोशी गजलें और गीत काफी सुना करते थे. उन्हीं को सुनकर वह बड़ी हुई हैं. वह बचपन से रियाज करती थीं और उन्होंने पढ़ाई भी संगीत से की है. शिखा बताती हैं कि आज वह जो कुछ भी हैं, अपने दादाजी के आशीर्वाद की वजह से हैं. उन्होंने बताया कि उनकी स्कूल की टीचर मीनाक्षी पाठक ने भी उन्हें काफी प्रोत्साहित किया था. स्कूल में या फिर कहीं भी कोई कार्यक्रम होता था, तो वह गायकी में हिस्सा लेती थीं. उसके बाद जब वह वनस्थली विद्यापीठ गईं, तो उन्होंने वहां भी संगीत और गायकी के गुर सीखे. वर्तमान में वह मुंबई में डॉ. संध्या कथावटे से प्रशिक्षण ले रही हैं.

जब उदित नारायण से मिलीं शिखा तो…
शिखा जोशी ने बताया कि जब वह बॉलीवुड के मशहूर सिंगर उदित नारायण से मिलीं, तो यह उनके लिए काफी खुशी की बात थी. साथ ही बताया कि उदित नारायण को वह बचपन से ही अपना आदर्श मानती हैं. शिखा ने उदित नारायण के सामने गाना गाया और उन्होंने उन्हें आशीर्वाद भी दिया. भविष्य में उनके कई नए गाने आने वाले हैं. वह मानती हैं कि लोगों ने भुज फिल्म के थीम सॉन्ग को जैसा प्यार दिया था, लोग वैसा ही प्यार आगे भी उनके गानों को देंगे और वह ऐसे ही संगीत की सेवा करती रहेंगी.

संगीत के लिए बनना होगा अच्छा साधक
शिखा ने कहा कि जो भी युवा संगीत सीखने की राह पर हैं, उन्हें मेहनत और धैर्य रखने की जरूरत है. आपको संगीत में तुरंत कामयाबी नहीं मिलती है, अन्य क्षेत्रों की तरह इसमें भी कई सालों की मेहनत लगती है. उनका मानना है कि आपको संगीत की दुनिया में कुछ अच्छा करना है, तो उसके लिए आपको एक अच्छा साधक बनना होगा.

Tags: Ajay devgan, Bollywood films, Bollywood news, Prasoon joshi