अब राशन में कटौती और खराब गेहूं-चावल देने वाले डीलरों की खैर नहीं, जिला प्रशासन करेगा कड़ी कार्रवाई
Last Updated:
Dehradun News: देहरादून में जिलाधिकारी सविन बंसल ने राशन वितरण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण किया और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. खराब अनाज नष्ट करने के आदेश दिए. किसी भी तरह की ल…और पढ़ें
राशन वितरण प्रणाली को ठीक बनाएगा जिला प्रशासन
देहरादून. केंद्र सरकार एपीएल और बीपीएल से कई लोगों को कम कीमत पर राशन मुहैया करवाती है, तो कुछ लोगों को निशुल्क राशन वितरित करती है. जरूरतमंदों को भोजन देने के लिए सरकार राशन वितरित करती है, लेकिन राशन कटौती से लेकर खराब गुणवत्ता का राशन देने वालों के कारण उन्हें ठीक राशन नहीं मिल पाता है. ऐसे लोगों पर अब जिला प्रशासन शिकंजा कसने का काम कर रहा है.
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि राशन व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकता है और पब्लिक को सही राशन मुहैया कराना हमारा कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि राशन वितरण की प्रक्रिया को सही और उच्च गुणवत्ता का राशन पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अनाज सस्ते गल्ले की सरकारी दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्र और स्कूलों में मिड डे मील के लिए जाता है. इसलिए बेहतर गुणवत्ता का अनाज उपलब्ध कराना ही हमारा उद्देश्य है. उन्होंने कहा कि बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. किसी भी तरह की लापरवाही करने वाले अधिकारी या डीलर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
डीएम के औचक निरीक्षण से मची खलबली
बीते गुरुवार को डीएम सविन बंसल ने खाद्य गोदाम गुलरघाटी का औचक निरीक्षण किया. गोदाम में डीएम के पहुंचते ही यहां कार्यरत अधिकारियों और कार्मिकों में खलबली मच गई. डीएम बंसल ने गोदाम में निर्धारित मानकों का पालन न होने और रजिस्टर मेंटेन न होने पर नाराजगी जताई और वरिष्ठ विपणन अधिकारी विष्णु प्रसाद चतुर्वेदी पर प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने औऱ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिये.
उन्होंने कहा कि गुलरघाटी स्थित बेस गोदाम से खाद्यान्न की आपूर्ति सिर्फ देहरादूनवासी ही नहीं, बल्कि गढवाल मंडल के आसपास के क्षेत्रों में भी होती है. जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनाज के सैंपल करवाए, जिसमें सैंपल फेल होने पर डीएम ने कुंतलों अनाज को नष्ट करने के निर्देश दिए. उन्होंने इस दौरान यह भी देखा कि अनाज रखने के लिए मानकों के अनुसार व्यवस्था नहीं है. यहां चूहों से अनाज की सुरक्षा के लिए चूहेदानी व्यवस्था भी नहीं थी. जिस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने जल्द से जल्द व्यवस्था करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि राशन वितरण की पूरी प्रणाली पर जिला प्रशासन नजर बनाए हुए है. लापरवाही या कटौती करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.