ऋषिकेश में खाने का असली स्वाद चाहिए? ये फूड स्पॉट्स बना देंगे दीवाना
Last Updated:
ऋषिकेश ना सिर्फ अपनी आध्यात्मिक शांति, घाटों और योग केंद्रों के लिए मशहूर है, बल्कि यहां का स्ट्रीट फूड भी उतना ही लाजवाब है. हर गली-मोहल्ले में आपको कुछ ऐसा चखने को मिलेगा, जो स्वाद और याद दोनों बनकर रह जाता है. नीमा मोमोज के गरमागरम अफगानी मोमोज से लेकर गुरु कृपा के तीखे चटपटे छोले-कुलचे तक, यहां का हर स्नैक एक खास अनुभव देता है. अगर आप ऋषिकेश घूमने जा रहे हैं, तो यहां का लोकल स्ट्रीट फूड ज़रूर ट्राई करें.
ऋषिकेश में छोले भटूरे का असली स्वाद चखना हो तो त्रिवेणी घाट रोड स्थित हीराभाई की दुकान जरूर जाएं. 58 साल पुरानी यह दुकान स्वाद के लिए जानी जाती है. सुबह 6 बजे खुलने वाली इस दुकान पर दोपहर 1 बजे तक ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है. शुक्रवार और शनिवार को यहां का नज़ारा देखते ही बनता है. सिर्फ 50 रुपये में मिलने वाले इन छोले भटूरों का स्वाद एक बार चख लिया, तो बार-बार आने का मन करेगा.
ऋषिकेश के थाने के सामने पुष्कर मंदिर रोड पर लगने वाला “गुरु कृपा छोले कुलचे” का स्टॉल लोगों की पहली पसंद बन चुका है. करीब 26 सालों से यहां स्वाद का जलवा कायम है. खास बात ये है कि यहां छोले कुलचे के साथ गरम चने का सूप भी दिया जाता है, जो स्वाद में लाजवाब होता है. मल के पत्ते में परोसे जाने वाले ये कुलचे सिर्फ 50 रुपये में भरपूर तृप्ति देते हैं. यह स्टॉल सुबह 8 से शाम 4 बजे तक खुला रहता है.
ऋषिकेश में वैसे तो आपको छोले चावल कई जगह उपलब्ध हो जाएंगे, लेकिन पंडित जी के छोले चावल की बात ही अलग है. ये पिछले 18 से भी ज्यादा सालों से ऋषिकेश के गौरी महादेव चौक पर लगता है. यहां आपको छोले चावल के साथ स्वादिष्ट हरी चटनी परोसी जाती है.
ऋषिकेश के रेलवे रोड पर अंबेडकर चौक स्थित गुप्ता बर्गर सेंटर काफी मशहूर है. यहां बर्गर की कई सारी वैरायटी उपलब्ध हो जाती हैं. बर्गर के अलावा यहां मोमोज, स्प्रिंग रोल, चाऊमीन भी मिलते हैं. शाम के समय बर्गर खाने के लिए यहां लोगों की लाइन लगी रहती है. यहां मेयोनी बर्गर, चीज़ बर्गर जैसी कई वैरायटी उपलब्ध हैं. बात करें मूल्य की तो मेयोनेज बर्गर 20 रुपये, मेयोनेज हाफ चीज़ बर्गर 30 रुपये, मेयोनेज फुल चीज़ बर्गर 40 रुपये, मेयोनेज चीज़ नूडल बर्गर 50 रुपये और डबल चीज़ बर्गर 60 रुपये में मिल जाता है.
ऋषिकेश के रेलवे रोड के पास तिलक नगर पर स्थित देव स्नैक्स बार यहां बनने वाली चाप के लिए काफी प्रसिद्ध है. यहां बनने वाली चाप 18 वर्षों से लोगों का दिल जीतती आ रही है. शाम के समय चाप खाने के लिए लोगों की लाइन लगी रहती है. यह स्टॉल शाम 6:30 बजे से करीब 7 बजे तक लगती है. मलाई चाप के साथ-साथ स्टॉल में आपको काफी सारी अलग-अलग वैरायटी की चाप, कबाब और मोमोज भी मिल जाते हैं.
ऋषिकेश के हीरालाल मार्ग पर जीजीआईसी स्कूल के सामने स्थित नीमा मोमोज अपने अफगानी मोमोज के लिए मशहूर है. इस दुकान को करीब 12 साल हो गए हैं. यहां आपको मात्र 70 रुपये से लेकर 180 या 200 रुपये तक के अलग-अलग प्रकार जैसे वेज मोमोज, फ्राइड मोमोज, पनीर मोमोज, अफगानी मोमोज इत्यादि मिल जाएंगे. जबकि प्याज मोमोज और नेपाली डिप मोमोज का कोई जवाब ही नहीं है. आप इस दुकान पर दोपहर 3:00 बजे से रात करीब 10:00 बजे तक मोमोज खा सकते हैं.
ऋषिकेश के तिलक रोड पर स्थित आनंद चाऊमीन सेंटर ऋषिकेश की सबसे पहली चाऊमीन की दुकान है. इस दुकान की स्थापना सन 1992 में हुई थी. उस समय इस दुकान में सिर्फ और सिर्फ चाऊमीन मिला करती थी, लेकिन अब आपको यहां चाऊमीन के साथ स्वादिष्ट मोमोज, स्प्रिंग रोल इत्यादि भी मिल जाते हैं. अभी भी लोग यहां की चाऊमीन खाना उतना ही पसंद करते हैं, जितना पहले किया करते थे. आप 50 रुपये में चाऊमीन का स्वाद ले सकते हैं.
ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट रोड पर स्थित पप्पू लस्सी, जो पिछले 41 सालों से प्रसिद्ध है. स्थानीय लोगों के अलावा यहां घूमने आए पर्यटकों के साथ ही मशहूर अभिनेता आयुष्मान खुराना को भी इस लस्सी का स्वाद काफी पसंद है. इस दुकान पर आपको कई फ्लेवर की लस्सी मिल जाती है, जैसे– कुल्हड़ लस्सी, नमकीन लस्सी, मैंगो लस्सी, पाइनएप्पल लस्सी, शुगर फ्री लस्सी, ड्राई फ्रूट लस्सी, स्ट्रॉबेरी लस्सी और बनाना लस्सी. यहां आपको 40 रुपये से लेकर 90 रुपये तक में लस्सी मिल जाती है.