कलियर शरीफ दरगाह पर आजादी के बाद पहली बार फहराया गया तिरंगा


हरिद्वार. हरिद्वार की विश्व प्रसिद्ध कलियर शरीफ की दरगाह पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर पहली बार तिरंगा फहराया गया. पहली बार देश की आजादी के बाद कलियर शरीफ की दरगाह पर ध्वजारोहण किया गया. इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर वक्फ बोर्ड के चेयरमैन शादाब शम्स ने शिरकत की.

वक्फ बोर्ड के चेयरमैन शादाब शम्स ने कहा कि आज के इस शुभ अवसर पर मुझे यहां तिरंगा फहराने का अवसर मिला है. जिससे मैं खुश हूं और मां भारती को मैं अपना सलाम पेश करता हूं. उन्होंने कहा कि देश के अंदर हर जगह तिरंगा फहराना चाहिए.

वहीं, रुड़की के रहमानिया मदरसे में भी तमाम मुस्लिम धर्म गुरुओं और बच्चों ने साथ मिलकर पूरे हर्ष उल्लास के साथ 75वां गणतंत्र दिवस मनाया. इस मौके पर मौलाना अरशद, मुफ्ती रईस साहब, मौलाना नौशाद साहब, मैनेजमेंट के प्रबंधक मोहम्मद मुस्तकीम साहब, गुलफाम शेख, फराज उपस्थित रहे.

देशभर में धूमधाम से मनाया गया 75वां गणतंत्र दिवस समारोह
दूसरीओर, राष्ट्रीय राजधानी सहित देश के सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में शुक्रवार को 75वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यहां कर्तव्य पथ पर आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया. कश्मीर घाटी में गणतंत्र दिवस पूरे जोश-ओ-खरोश से मनाया गया तथा घाटी के सभी जिला मुख्यालयों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच समारोह आयोजित किये गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

अधिकारियों ने बताया कि मुख्य समारोह श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें उपराज्यपाल के सलाहकार राजेश राय भटनागर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. ठंड के बावजूद पुलिस, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, सशस्त्र सीमा बल, राष्ट्रीय कैडेट कोर की टुकडियों और स्कूल के बच्चों ने परेड में हिस्सा लिया। भटनागर ने परेड की सलामी ली.

Tags: Haridwar, Republic day