जब स्टेज पर गाती है आकांक्षा, तो पूरा माहौल हो जाता है जादुई!


अल्मोड़ा: मां सरस्वती का आशीर्वाद हर किसी को नहीं मिलता, लेकिन जिसे मिलता है, उसके कंठ से अमृत जैसी मधुर धारा बहने लगती है. ऐसा ही एक खास नाम है आकांक्षा ग्रोवर का, जो फरीदाबाद की रहने वाली हैं और इन दिनों उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में आई हुई हैं. आकांक्षा क्लासिकल संगीत की प्रतिभाशाली गायिका हैं, जिनके गानों को सुनकर लोग मंत्रमुग्ध हो जाते हैं. सोशल मीडिया पर उनकी फैन फॉलोइंग भी अच्छी खासी बढ़ चुकी है.

लोकल 18 से खास बातचीत में आकांक्षा ने बताया कि क्लासिकल संगीत हमारी जड़ों को जोड़ता है. वह इस संगीत को आगे बढ़ाने और युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए पूरी मेहनत कर रही हैं. उनका मानना है कि क्लासिकल संगीत हमारे सांस्कृतिक धरोहर का अहम हिस्सा है, जिसे बचाना और बढ़ावा देना जरूरी है.

बचपन से ही संगीत का था शौक
आकांक्षा ने बताया कि उनके माता-पिता ने पहले उनके भाई के लिए संगीत गुरु बुलाया था, लेकिन उनके भाई को ज्यादा रुचि नहीं थी. वहीं, बचपन से ही उनका खुद का संगीत में गहरा लगाव था. वह बचपन में उत्साह से भरपूर उछल-कूद करते हुए गाने के लिए स्टेज पर चली जाती थीं. उनके भाई का झुकाव क्रिकेट की ओर था, इसलिए माता-पिता ने उसे क्रिकेट में आगे बढ़ाया, जबकि आकांक्षा ने संगीत की दुनिया में कदम रखा.

आकांक्षा रोजाना तीन से चार घंटे रियाज करती हैं और युवा पीढ़ी को भी क्लासिकल संगीत सीखने के लिए प्रोत्साहित करती हैं. उनका कहना है कि अगर कोई रोजाना एक से डेढ़ घंटे भी अभ्यास करे और आसपास कोई अच्छा गुरु मिले तो वह अच्छी सफलता पा सकता है.  आकांक्षा इन दिनों अल्मोड़ा के शारदा पब्लिक स्कूल में आई हुई हैं. उन्होंने बताया कि स्कूल के सभी शिक्षक, चाहे म्यूजिक टीचर हों या अन्य विषयों के, बच्चों को बहुत बारीकी से पढ़ाते हैं, जिससे वह काफी प्रभावित हुई हैं.

संगीतकार ए. आर. रहमान भी है फैन
आकांक्षा के लिए सबसे खास पल था जब मशहूर संगीतकार ए. आर. रहमान ने उन्हें कंप्लीमेंट किया और सोशल मीडिया पर फॉलो भी किया. इस बात ने उन्हें भावुक कर दिया था. खास बात यह भी है कि ए. आर. रहमान का उनसे वीडियो कॉल भी आया था, जिसे वह अपने जीवन का सबसे यादगार अनुभव मानती हैं. आकांक्षा ने बताया कि अगर बॉलीवुड से कोई ऑफर आएगा तो वह जरूर स्वीकार करेंगी, लेकिन रिकॉर्डिंग के बाद पहाड़ों की ओर लौट आना उनका सपना है.