देहरादून का अनोखा स्कूल, बच्चे गंगा-यमुना के साथ हिमालय में करते हैं पढ़ाई; जानें इस पहल की वजह
देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बच्चों को हमारी संस्कृति से जोड़ने के लिए शहर के स्कूल में कक्षाओं के नाम भारत की नदियों और पर्वतों के नाम पर रखे गए हैं. हालांकि सरकारी स्कूल का नाम सुनते ही हमारे जेहन में स्कूल के खस्ताहाल होने की तस्वीर आती है. बता दें कि राजधानी देहरादून में एक ऐसा सरकारी स्कूल है, जो कई सुविधाओं से लैस है और इसे स्मार्ट स्कूल के तौर पर तैयार किया गया है.
हम राज्य की राजधानी देहरादून के राजपुर रोड स्थित जीजीआईसी यानी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की बात कर रहे हैं. इस स्कूल में कई तरह की सुविधाएं देखने के लिए मिलती हैं. इस स्कूल की खास बात यह है कि इसके क्लासरूम स्मार्ट क्लासरूम होने के साथ-साथ बच्चों को संस्कृति से जोड़ने वाले भी हैं. दरअसल स्कूल में सभी कक्षाओं के नाम देश की नदियों और पर्वतों के नाम पर रखे गए हैं.
गंगा, यमुना, मंदाकिनी की हैं क्लासरूम के नाम
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रेमलता बौड़ाई ने जानकारी देते हुए बताया कि साल 2020 में इस स्कूल को स्मार्ट स्कूल के रूप में बनाया गया था और तभी स्कूल की कक्षाओं के नाम गंगा, यमुना, मंदाकिनी आदि नदियों के नाम पर रखे गए, तो वहीं स्कूल की कुछ कक्षाएं त्रिशूल, हिमालय आदि पर्वतों के नाम से भी जानी जाती हैं. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि समय-समय पर विद्यालय में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं, जिससे बच्चों को पहाड़ी उत्तराखंडी संस्कृति से जोड़ा जाए.
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड में कक्षा 8 में पढ़ने वाली कविता ने बताया कि स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ कई एक्स्ट्रा एक्टिविटीज सिखाई जाती हैं और हमारे स्कूल में समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होते हैं. कविता ने बताया कि स्कूल में कंप्यूटर लैब है, जिसे गंगा क्लासरूम का नाम दिया गया है. इसमें कई कंप्यूटर हैं और इसी के साथ ही हमारी कक्षाओं में प्रोजेक्टर भी लगाया गया है, जिसके माध्यम से हम आधुनिक तरीके से पढ़ना और लिखना सीखते हैं. स्कूल में उत्तराखंड के लोक नृत्य और लोक गीत से जुड़ी एक्सरसाइज भी समय-समय पर करवाई जाती है. म्यूजिक क्लास रूम में ‘बेडू पाको बारो मासा’ जैसे लोकगीत बालिकाओं को सिखाए जाते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : January 17, 2023, 10:09 IST