नैनीताल में इस स्कूल के सभी छात्रों ने एक साथ छोड़ा स्कूल, कारण जान रह जाएंगे दंग
तनुज पाण्डे/ नैनीताल : देवभूमि उत्तराखंड में शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत की अगर बात करें तो उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में कई ऐसे स्कूल भी हैं जो शिक्षकों की कमी झेल रहे हैं या फिर बच्चों की बेहद कम संख्या के कारण बंद होने की कगार में पहुंच चुके हैं. आज हम आपको ऐसे ही एक स्कूल के बारे में बताने जा रहे हैं जो शिक्षकों की कमी के चलते बंद हो गया.
उत्तराखंड के नैनीताल जिला मुख्यालय से लगभग 50 किमी की दूरी पर स्थित मुक्तेश्वर के चौखुटा गांव का प्राथमिक विद्यालय शिक्षकों की कमी के चलते बुधवार को बंद हो गया. यह स्कूल पिछले 6 महीने से स्थाई शिक्षक के अवकाश में जाने के बाद प्रभारी शिक्षक के भरोसे चल रहा था. स्कूल में पढ़ रहे 19 बच्चों के अभिभावकों को स्कूल की इस व्यवस्था के कारण अपने बच्चों का भविष्य अंधकार में जाता दिखाई देने लगा और अभिभावकों ने अपने बच्चों के नाम उस स्कूल से एक साथ कटवा दिए. अब यह विद्यालय 19 अप्रैल को मतदान के लिए खुलेगा.
प्रखंड के 81 स्कूलों में 110 शिक्षक तैनात
इस मामले पर शंकुल प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि इस स्कूल में तीन बच्चों ने कक्षा पांच में पहुंचने के बाद टीसी निकाल ली. साथ ही 16 बच्चे शिक्षकों के न होने के कारण बिना टीसी लिए ही स्कूल छोड़कर चले गए. वहीं धारी के खंड शिक्षा अधिकारी अंशुल बिष्ट ने बताया कि पूरे धारी ब्लॉक में 81 विद्यालयों में कुल 110 शिक्षक हैं. यही वजह है कि शिक्षकों की कमी के कारण स्कूल को बंद करना पड़ा और प्रभारी शिक्षिका को उनके मूल विद्यालय में भेज दिया गया है.
.
Tags: Local18, Nainital news, OMG News, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : April 11, 2024, 13:38 IST