सावन में नगर निगम ने चलाया वृक्षारोपण अभियान, हर वॉर्ड की बदलेगी तस्वीर


हिना आज़मी/देहरादून. सावन का महीना चल रहा है और उत्तराखंड में कई जगह पर अब भी हरेला पर्व (Harela 2023) मनाया जा रहा है. यह पर्व हरियाली का प्रतीक है। इस दौरान राज्य की कई संस्थाएं पौधरोपण करती हैं.राजधानी देहरादून में नगर निगम इस पर्व को महीनेभर के लिए मनाते हुए वृक्षारोपण अभियान चला रहा है. देहरादून नगर निगम की तरफ से लगातार हर वॉर्ड में पौधारोपण किया जा रहा है और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है.

देहरादून के उप नगर आयुक्त रोहिताश शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि हरेला पर्व पर उत्तराखंड में जगह-जगह वृक्षारोपण कार्यक्रम किए जाते हैं. उन्होंने कहा कि नगर निगम देहरादून को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए एक महीने के लिए वृक्षारोपण अभियान चला रहा है, जो 15 अगस्त तक जारी रहेगा.देहरादून नगर निगम द्वारा स्कूल, इंस्टीट्यूट और धर्मशालाओं में पौधरोपण किया जा रहा है. इस अभियान में वन विभाग, न्यायालय के जज, नगर आयुक्त मनुज गोयल, मेयर सुनील उनियाल गामा और नगर निगम की टीम मिलकर वृक्षारोपण कर रही हैं.

पौधों की सुरक्षा के लिए नगर निगम जागरूक
उप नगर आयुक्त रोहिताश शर्मा ने आगे बताया कि अब तक करीब 1000 पौधे रोपे जा चुके हैं. स्कूल-कॉलेजों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता के लिए पेंटिंग और स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं. उन्होंने बताया कि देहरादून नगर निगम को एमडीडीए द्वारा ट्री गार्ड दिए जा रहे हैं, जो उन पौधों की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं. अब तक हम लगभग 300 ट्री गार्ड लगा चुके हैं. हम कोशिश कर रहे हैं कि किस तरीके से इन पौधों को सुरक्षित रखा जाए और इनका रख-रखाव किया जाए.

पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रयास जारी
गौरतलब है कि देहरादून में कई संस्थाएं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में लगातार प्रयासरत हैं. सावन शुरू होते ही उनसे जुड़े लोगों ने जगह-जगह पौधे लगाना शुरू कर दिया था. इस मौसम में पौधों को भरपूर पानी मिल जाता है.वे लोग उन पौधों के संरक्षण पर भी ध्यान दे रहे हैं, जिससे पौधे जल्द पेड़ का रूप ले सकें.

Tags: Dehradun news, Local18, Uttarakhand news