हल्द्वानी के बाप-बेटे की जोड़ी ने संगीत से सोशल मीडिया पर मचाया तहलका
Last Updated:
हल्द्वानी के टैक्सी ड्राइवर जगदीश कांडपाल और उनके बेटे उज्जवल ने अपने संगीत से सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है. उनकी सुरीली आवाज़ और गिटार की धुनें वायरल हो रही हैं.
हल्द्वानी के जगदीश कांडपाल की उनके बेटे के साथ गाने की वीडियो वायरल हो रही है
हाइलाइट्स
- हल्द्वानी के जगदीश और उज्जवल कांडपाल की जोड़ी सोशल मीडिया पर धूम मचा रही है.
- उनकी सुरीली आवाज़ और गिटार की धुनें वायरल हो रही हैं.
- हर वीकेंड नैनीताल की सड़कों पर उनकी धुनें गूंजती हैं.
नैनीताल: उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर की एक अनोखी बाप-बेटे की जोड़ी ने इन दिनों सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है. टैक्सी ड्राइवर जगदीश कांडपाल और उनके बेटे उज्जवल कांडपाल की सुरीली आवाज़ और गिटार की मधुर धुनों ने हजारों लोगों का दिल जीत लिया है. उनका एक वीडियो, जिसमें वे गिटार बजाते हुए गाना गा रहे हैं, इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया पर लोग उन्हें खूब प्यार दे रहे हैं.
बचपन से ही संगीत प्रेमी रहे
जगदीश कांडपाल बताते हैं कि वो बचपन से ही संगीत प्रेमी रहे हैं. आर्थिक परिस्थितियों के कारण वे इसे पेशे के रूप में नहीं चुन सके, लेकिन उन्होंने अपने बेटे उज्जवल को हमेशा संगीत के करीब रखा. उज्जवल, जो हल्द्वानी के एक निजी स्कूल में ग्यारहवीं कक्षा का छात्र है, अपने पिता का यह जुनून आगे बढ़ा रहा है. गिटार बजाने में माहिर उज्जवल जब अपने पिता के साथ सुर मिलाता है, तो लोग बाप-बेटे को सुनने खिंचे चले आते हैं. जगदीश भी पिछले 4 सालों से अपने बेटे के साथ गाने की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालते हैं. इसके अलावा, जगदीश देशभर में कई स्टेज शो भी कर चुके हैं.
सोशल मीडिया से मिली पहचान
हाल ही में जगदीश और उज्जवल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वे आदत गाने को गिटार की मीठी धुन के साथ गा रहे थे. यह वीडियो तेजी से हजारों लाइक्स और शेयर पाने लगा. स्थानीय लोग और दूर के संगीत प्रेमी उनकी प्रतिभा की तारीफ करने लगे. कमेंट सेक्शन में लोग उनकी गायकी और उज्जवल के गिटार की बहुत सराहना कर रहे थे. तब से वे सोशल मीडिया के जरिए कई गानों के वीडियो साझा कर रहे हैं.
हर वीकेंड नैनीताल की सड़कों पर गूंजती है उनकी धुन
जगदीश और उज्जवल अपने व्यस्त जीवन के बावजूद हर वीकेंड नैनीताल और आसपास के इलाकों में प्रस्तुति देते हैं. कभी मॉल रोड पर, तो कभी किसी छोटे से कॉफी हाउस के बाहर, यह जोड़ी अपनी सुरीली धुनों से लोगों का ध्यान खींच लेती है. उनके गाने सुनकर पर्यटक मंत्रमुग्ध हो जाते हैं और कई लोग उनके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं.
जुनून की मिसाल
जगदीश कांडपाल और उनके बेटे की यह जोड़ी सिर्फ संगीत के प्रति अपने प्यार को दिखाने का जरिया नहीं है, बल्कि यह एक प्रेरणादायक कहानी भी है. यह बताता है कि अगर जुनून और समर्पण हो, तो कोई भी प्रतिभा दुनिया के सामने आ सकती है. सोशल मीडिया पर मिली लोकप्रियता के बाद अब लोग उम्मीद कर रहे हैं कि यह जोड़ी जल्द ही बड़े मंचों पर भी नजर आएगी.