UKSSSC पेपर लीकः सुर सम्राट गोपाल गोस्वामी का बेटा गिरफ्तार, शिक्षा विभाग में हड़कंप


रिपोर्ट – सुष्मिता थापा

बागेश्वर. उत्तराखंड में UKSSSC पेपर लीक मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है. बागेश्वर में इस मामले को लेकर एक स्कूल टीचर को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी शिक्षक का नाम जगदीश गोस्वामी है. वह उत्तराखंड में सुर-सम्राट के नाम से पहचाने जाने वाले गायक गोपाल बाबू गोस्वामी का बेटा है. गोपाल बाबू गोस्वामी कुमाऊंनी लोक गीतों के मशहूर गीतकार और गायक हैं.

जगदीश गोस्वामी को रविवार को STF की टीम ने कांडा तहसील के हाईस्कूल मलसूना से गिरफ्तार किया. वे राजकीय हाईस्कूल में पिछले तीन सालों से व्यायाम टीचर के पद पर नियुक्त हैं. यूकेएसएससी पेपर लीक होने के मामले पर जगदीश की गिरफ्तारी की गई है. जगदीश गोस्वामी की गिरफ्तारी की खबर के बाद स्कूल विभाग और आसपास के लोग सकते में हैं. रविवार को एसटीएफ की टीम ने जगदीश गोस्वामी के कार्यस्थल से जाकर उन्हें गिरफ्तार किया.

इस मामले में बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने शिक्षक की गिरफ्तारी की जानकारी होने से इनकार किया है. एसपी ने कहा कि एसटीएफ की टीम ने बागेश्वर से किसी अध्यापक को गिरफ्तार किया है, इसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है. उधर, मलसूना स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रभारी प्रधान अध्यापिका सरस्वती ने न्यूज 18 को बताया कि जगदीश गोस्वामी पिछले दिनों छुट्टी पर गए थे. इसके बाद 18 अगस्त से वे फिर अवकाश पर हैं. उनकी तैनाती साल 2019 में इस विद्यालय में हुई थी. यह उनकी पहली नियुक्ति है.

Tags: Bageshwar News, Paper Leak