उत्तराखंड के लाल का कमाल, थाईलैंड में एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में राज्य की तरफ से होंगे इकलौते मुक्केबाज

 उत्तराखंड के युवाओं में जोश, जुनून और हौसला बिल्कुल यहां के ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों की तरह  मजबूत होते हैं. ऐसे ही मजबूत हौसले वाले उत्तराखंड के बेटे विशाल आगरी ने हरियाणा के हिसार में कांस्य पदक और हरिद्वार में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है. विशाल आगरी इकलौते ऐसे उत्तराखंड के बॉक्सिंग चैंपियन हैं, जिन्हें अब थाईलैंड में होने वाली एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड की ओर से जाने का मौका मिला है.

उधमसिंह नगर के रुद्रपुर में जन्मे 21 वर्षीय विशाल आगरी ने बताया कि स्कूल के दौरान ही वह विद्यालय स्तर पर होने वाले बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेते थे. पढ़ाई के साथ-साथ उनके खेल में भी रुचि थी. मुक्केबाजी में अच्छा प्रदर्शन होने के चलते विशाल के माता-पिता ने उन्हें बड़े स्तर पर खेलने को तैयार करने के लिए मुक्केबाजी की कोचिंग के लिए देहरादून भेजा, जहां उन्हें बॉक्सिंग कोच आशीष ने ट्रेन किया. यहां उन्होंने कई जिला स्तर चैंपियनशिप में भाग लिया और इसके बाद साल 2022 में राज्य स्तर पर बॉक्सिंग चैंपियन हरिद्वार में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता.

ऐसे मिली सपनों को उड़ान
राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक पाने के बाद विशाल के सपनों को उड़ान मिल गई. जिसके बाद उन्होंने हाल ही में राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा के हिसार में आयोजित हुई बॉक्सिंग चैंपियनशिप के तीन मुकाबले लड़े और कांस्य पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया. उत्तराखंड के लिए इससे ज्यादा गौरवान्वित करने वाली बात यह है कि विशाल आगरी इकलौते ऐसे मुक्केबाज हैं, जिनका चयन थाईलैंड में होने वाली एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है. फिलहाल इस चैंपियनशिप की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है. विशाल इसकी तैयारी में जुटे हैं.

पिछले दो साल में शानदार प्रदर्शन
News18 Local से बातचीत में विशाल ने बताया कि बचपन से ही मां-बाप का सपोर्ट मिला है. जिसके बाद उन्होंने अपने इस शौक के लिए कड़ी मेहनत की. विशाल का कहना है कि उत्तराखंड के युवाओं में बहुत हुनर है. हम जैसे लोगों को यह जरूरत है कि सरकार की तरफ से हमें प्रोत्साहित किया जाए. विशाल ने जानकारी दी कि 15 से 20 पदक उन्होंने पिछले दो साल में हासिल किए हैं और ऐसे ही आगे वह अपने देश और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहते हैं.

सरकार से मदद की उम्मीद
विशाल के बॉक्सिंग कोच आशीष का कहना है कि विशाल ने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाबले लड़कर प्रदेश का नाम ऊंचा किया है. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विशाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम भी रोशन करेंगे. आशीष का कहना है कि उत्तराखंड से रविंद्र बिष्ट और राहुल जैसे कई खिलाड़ी मुक्केबाजी में राज्य का नाम रोशन कर चुके हैं. उत्तराखंड में टैलेंट की कमी नहीं है लेकिन सरकार की तरफ से भी खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रयास किए जाने चाहिए.