अब स्कूली छात्राएं सिखाएंगी मनचलों को सबक! Unarmed Combat ट्रेनिंग से बढ़ेगा मनोबल
कमल पिमोली/श्रीनगर गढ़वाल. इन दिनों नवरात्रि चल रही है. इस दौरान देवी दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा अर्चना की जा रही. वहीं नवरात्रि के पावन अवसर पर पौड़ी पुलिस माता रानी के प्रतिरूप बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर भी सिखा रही है. नवरात्रि के दौरान एसएसपी पौड़ी श्वैता चौबे ने छात्राओं को सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण तेज करने के निर्देश दिये हैं. जिसके तहत पौड़ी पुलिस की महिला कांस्टेबल व एसआई विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर छात्राओं को प्रशिक्षित कर रही हैं.
अक्सर स्कूली छात्राओं के साथ छेड़खानी करने की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे कई छात्राएं अवसाद में भी चली जाती हैं व मानसिक रूप से परेशान रहती हैं, लेकिन अब आत्मरक्षा के प्रशिक्षण के बाद ये छात्राएं खुद ही मनचलों को सबक सिखाने में सक्षम होंगी.
अन-आर्म्ड कॉम्बैट का दिया जा रहा प्रशिक्षण
एसएसपी पौड़ी श्वेता चौबे द्वारा “एक साझू प्रयास पुलिस वाले गुरुजी के साथ” यानि आपका और पुलिस का सामूहिक प्रयास की थीम पर जिले के तमाम थानों में नियुक्त हेल्प डेस्क कार्मिकों को अपने-अपने थाना क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में जाकर छात्राओं को जागरूक करते हुये आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के निर्देश जारी किया है. पुलिस के जवानों द्वारा छात्राओं को सेल्फ डिफेंस टेनिंग के साथ ही अन-आर्म्ड कॉम्बैट का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है. जिससे छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में बहादुरी से सामना करने में सहायता मिलेगी व उनमें सुरक्षा की भावना भी जागृत होगी.
साइबर क्राइम के प्रति किया जा रहा जागरूक
एसएसपी पौड़ी श्वेता चौबे ने बताया कि आत्मरक्षा के प्रशिक्षण के साथ वर्तमान में तेजी से बढ़ रहे साइबर काइम की जानकारी भी दी जा रही है, क्योंकि सोशल साइट्स पर असामाजिक तत्वों द्वारा फेक आईडी बनाकर छात्राओं के साथ ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाएं की जाती हैं, इस प्रकार की घटनाओं से बचने के लिये छात्राओं को साइबर सुरक्षा के साथ ही पॉक्सो एक्ट के बारे में जानकारी दी गई है.
पिंक यूनिट स्कूलों के बाहर तैनात
छात्राओं की सहायता के लिए पिंक यूनिट भी स्कूलों के बाहर रहकर मनचलों व अराजक तत्वों पर नजर बनाए हुए है. इसके अलावा नवरात्रों तक विभिन्न विद्यालयों में “एक साझू प्रयास पुलिस वाले गुरुजी के साथ” अभियान जारी रहेगा. एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि इसके बाद भी अभियान निरंतर जारी रहेगा, लेकिन इन दिनों इसे वृहद रूप दिया गया है.
.
Tags: Local18, Pauri Garhwal News, Pauri news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : October 22, 2023, 15:02 IST