अल्मोड़ा के इस स्कूल में पहली बार शुरू हुआ जुंबा डांस, बच्चों को स्ट्रेस से दूर रखना हैं मकसद


रोहित भट्ट/ अल्मोड़ा. आजकल के समय में बच्चों के ऊपर पढ़ाई का बोझ सबसे ज्यादा देखने को मिलता है, जिस वजह से वह अन्य गतिविधियों में पीछे होते जा रहे हैं. उत्तराखंड में अल्मोड़ा के शारदा पब्लिक स्कूल में पहली बार बच्चों को पढ़ाई और मानसिक तनाव से दूर रखने के लिए जुंबा क्लास शुरू की गई है. इसमें स्कूल के हर बच्चों को जुंबा सिखाया जा रहा है. छोटे से लेकर बड़े बच्चे भी इसे कर रहे हैं और डांस में रुचि दिखा रहे हैं. शारदा पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य विनीता शेखर ने बताया कि बच्चों को तनाव मुक्त और शारीरिक रूप से फिट रखने के लिए जुंबा डांस क्लास की शुरुआत की गई है. यह क्लास हफ्ते में दो दिन चलेगी.

दरअसल छात्रों की उम्र जैसे -जैसे बढ़ती है उनपर माता-पिता और अध्यापकों का दबाव उस पर बढ़ जाता है. इस उम्र में शारीरिक व मानसिक बदलावों के साथ साथ बच्चों में हार्मोनल बदलाव भी हो रहे होते हैं. इसके अलावा कई बच्चे मोबाइल फोन में भी अपना समय बिताते हैं, जिस कारण से वह मानसिक तनाव और अपनी फिजिकल फिटनेस पर ध्यान नहीं दे पाते हैं. इसी को देखते हुए पहली बार शारदा पब्लिक स्कूल ने स्कूल में ही जुंबा क्लास शुरू कर दी है, जिसकी शुरुआत शुक्रवार से की गई. इससे बच्चे फिजिकली फिट और मानसिक तनाव के अलावा अन्य बीमारियों से भी दूर रह पाएंगे और यह क्लास हफ्ते में दो बार चलेगी.

जुंबा डांस करता है कई बीमारियों को दूर
छात्रा जोजिया ने बताया कि स्कूल में जुंबा क्लास शुरू होना हर किसी के लिए फायदेमंद है. जुंबा डांस करने से लाइफ काफी चेंज हो जाती है, क्योंकि पढ़ाई के स्ट्रेस के अलावा अन्य बीमारियों से हम दूर रह पाएंगे. स्कूल के सभी बच्चे जुंबा डांस कर रहे हैं, इसका फायदा आने वाले समय में सभी को दिखेगा.

सभी का माइंड होगा फ्रेश
छात्र सिद्धार्थ रावत ने बताया कि स्कूल में पहली बार जुंबा क्लास शुरू हुई है और उन्हें काफी अच्छा लग रहा है. जुंबा डांस करने से उनकी फिजिकल फिटनेस के अलावा अन्य चीजों में काफी फायदा होगा. पूरे हफ्ते भर सभी को पढ़ाई का स्ट्रेस रहता है, पर हफ्ते में दो दिन जुंबा डांस हो तो सभी का माइंड फ्रेश होगा, जिससे वे पढ़ाई पर फोकस कर पाएंगे.

इसलिए जरूरी है जुंबा डांस
जुंबा डांस ट्रेनर ज्योति थापा ने बताया कि आजकल की दिनचर्या को देखते हुए बच्चों के लिए जुंबा डांस काफी फायदेमंद है. पढ़ाई का स्ट्रेस, आउटडोर गेम्स न खेलना, कोई फिजिकल एक्टिविटी न करना, मोबाइल में बिजी रहना…ये सभी बातें बच्चों को कहीं न कहीं शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर करती हैं. डांस करने से वे अच्छा महसूस करते हैं. उनके स्कूल ने इस बात को समझते हुए जुंबा डांस शुरू किया. उनका मानना है कि हर स्कूल में इसे कराया जाना चाहिए, ताकि बच्चों को स्ट्रेस से दूर रखा जा सके और वे फिट भी हो जाएं.

Tags: Almora News, Local18, Uttarakhand news