श्रीनगर गढ़वाल की मलिन बस्तियों के लिए मसीहा है यूथ क्लब, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक का रखते ख्याल


कमल पिमोली/ श्रीनगर गढ़वाल. अपने लिए तो हर कोई जीता है, इंसान वही जो दूसरों के काम आए. इस मूल मंत्र के साथ उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल में कुछ उत्साही युवाओं का एक ग्रुप काम करता है. ये उन लोगों तक मदद के हाथ पहुंचाते हैं, जो समाज से अछूते रहते हैं. झुग्गी-झोपड़ियों में रहकर अपने दिन काटने वाले गरीब बेसहारा लोगों का सहारा बनता है यूथ क्लब श्रीनगर गढ़वाल. इस टीम के युवा मलिन बस्तियों में रहने वाले बच्चों के हुनर को निखारने के साथ समय-समय पर ऐसी गतिविधियां भी आयोजित करते हैं, जिसका लाभ इन बस्तियों में रहने वाले लोगों को मिल सके. यूथ क्लब (Youth Clob Srinagar Garhwal) द्वारा अब मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों और बच्चों के लिए मेडिकल कैंप लगाया जा रहा है. इसमें इनका साथ उप जिला अस्पताल के डॉक्टर दे रहे हैं. ये डॉक्टर भी बिना किसी भेदभाव के निशुल्क इलाज कर रहे हैं.

यूथ क्लब के अध्यक्ष अंकित उछोली ने कहा कि समय-समय पर शहर भर में सामाजिक क्षेत्रों में कार्य किया जाता है. उनकी टीम में गढ़वाल विश्वविद्यालय (Garhwal University) के वो युवा शामिल हैं, जो समाज हित में काम करना चाहते हैं. वर्तमान में मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. वह कहते हैं कि धीरे-धीरे उनका कारवां बढ़ रहा है. अब शिक्षकों के साथ डॉक्टरों का भी उन्हें भरपूर सहयोग मिल रहा है. उनकी टीम इन्हें शिक्षा की ओर भी प्रेरित करती है ताकि वे अपने जीवन स्तर को सुधार सकें.

सराहनीय काम कर रहा यूथ क्लब

संयुक्त अस्पताल के सर्जन डॉ लोकेश सलूजा का कहना है कि मलिन बस्तियों में रहने वाले इन लोगों में कुपोषण, सर्दी, खांसी, जुकाम, पेट में कीड़े होने से लेकर एनीमिया की बीमारी आम है. यूथ क्लब श्रीनगर के सहयोग से यहां निशुल्क स्वास्थ्य शिविर के साथ दवाइयां भी वितरित की गईं. यह समाज का ऐसा तबका है, जिसपर किसी का ध्यान नहीं जाता है. ऐसे में यूथ क्लब श्रीनगर द्वारा इन लोगों के लिए किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं.

Tags: Local18, Pauri Garhwal, Uttarakhand news