आजादी से पहले के इस दुकान पर मिलता है बेहतरीन साउथ इंडियन फूड, पंडित नेहरू की बहन ने भी चखा यहां का डोसा
हिना आज़मी
देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पलटन बाजार स्थित लक्ष्मी रेस्टोरेंट को उसके बेहतरीन साउथ इंडियन फूड के लिये जाना जाता है. वर्ष 1944 में खुले इस शॉप में भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की बहन विजयलक्ष्मी पंडित भी साउथ इंडियन खाने का स्वाद लेने आती थीं. देहरादून और अन्य जगहों के साउथ इंडियन फूड के शौकीन लोगों को लक्ष्मी रेस्टोरेंट 79 साल से दक्षिण भारतीय व्यंजन परोस रहा है.
लक्ष्मी रेस्टोरेंट के मालिक विनोद कुमार ने बताया कि वर्ष 1944 में उनके पिता राज गुप्ता ने यह रेस्टोरेंट शुरू किया था. उन्होंने बताया कि भले ही हम साउथ इंडियन फूड लोगों को खिला रहे हैं, लेकिन हम दक्षिण भारत से नहीं हैं. हम उत्तराखंड के पहाड़ से ही हैं. विनोद बताते हैं कि उनके रेस्टोरेंट में इडली, सांभर, मसाला डोसा, प्लेन डोसा, अनियन डोसा मिलता है. इसके अलावा, यहां पंजाबी और चाइनीस फूड भी परोसे जाते हैं, लेकिन सबसे ज्यादा लोग उनके यहां डोसा खाने के लिए आते हैं.
आपके शहर से (देहरादून)
विनोद कुमार बताते हैं कि सिर्फ देहरादून या उत्तराखंड के लोग ही उनके रेस्टोरेंट में साउथ इंडियन फूड खाने के लिए नहीं आते हैं, बल्कि दक्षिण भारत से भी लोग यहां डोसा का स्वाद लेने के लिए आते हैं. उन्होंने बताया कि साउथ इंडियन लोगों के लिए यह इसलिए अलग होता है क्योंकि यहां हम नॉर्थ इंडियन मसाले के स्वाद का तड़का लगाते हैं. यानी साउथ इंडियन फूड में जरा सा फ्लेवर नॉर्थ इंडिया का भी आता है. वो बताते हैं कि उनके रेस्टोरेंट में फिल्म अभिनेता जॉय मुखर्जी, कवि काका हाथरसी, पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की बहन विजयलक्ष्मी पंडित, दारा सिंह के भाई विजय सिंह रंधावा जैसी कई नामचीन हस्तियों ने यहां के व्यंजनों का स्वाद लिया है.
साल 1944 से अब तक लक्ष्मी रेस्टोरेंट में कई लोग ऐसे हैं, जिन्होंने अपने बचपन में स्कूल-कॉलेज के दौरान यहां साउथ इंडियन फूड खाया और अब अपनी अगली पीढ़ियों के साथ भी यहां आ रहे हैं. यहां की पुरानी ग्राहक संध्या गुरुंग ने बताया कि वो साल 2006 से जब कॉलेज में पढ़ती थीं, तब से यहां दक्षिण भारतीय व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए आ रही हैं, और अब शादी के बाद परिवार और बच्चों के साथ भी यहीं डोसा खाने के लिए आती हैं.
वहीं, एक अन्य ग्राहक रश्मि ने बताया कि वो अपनी सहेली विमला के साथ पिछले 20 वर्षों से यहां आ रही हैं और यहां के व्यंजनों का स्वाद ले रही हैं.
ऐसे में अगर आप भी परिवार और दोस्तों के साथ साउथ इंडियन फूड खाने का शौक रखते हैं, तो एक बार यहां जरूर आएं.
कैसे पहुंचे लक्ष्मी रेस्टोरेंट
अगर आप लक्ष्मी रेस्टोरेंट आना चाहते हैं, तो आप देहरादून के पलटन बाजार जाएं. यहां घंटाघर के पास ही लक्ष्मी रेस्टोरेंट स्थित है. इसके अलावा आप घर बैठे भी स्विगी या जोमेटो से यहां का लजीज़ खाना ऑर्डर कर सकते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Dehradun news, Jawahar Lal Nehru, South India, Street Food, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : March 15, 2023, 17:22 IST