आसमान से बरसेगी आफत, देवभूमि में बारिश लाएगी तबाही? रेड अलर्ट जारी, NDRF तैनात
उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों में 4 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी.सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बैठक कर सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा है.
देहरादूनः उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है. बागेश्वर, टिहरी और चमोली सहित कई जिलों में बारिश हो रही है. भारी बारिश के कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. पहाडों पर रुक-रुक कर बारिश होने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. चमोली में ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली 20 से अधिक सड़क के अभी भी बंद है. टिहरी में भी मौसम बदल गया है. एक बार फिर बारिश के आसार बन रहे हैं. हरिद्वार में बारिश के कारण सिडकुल-धनौरी रोड कई जगहों से टूटी चुकी है. बारिश के चलते सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसके कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. वहीं अल्मोड़ा में भारी बारिश की चेतावनी को लेकर स्कूल 4 जुलाई तक बंद कर दिए गए हैं.
उत्तराखंड में 4 जुलाई तक रेड अलर्ट है. अलग-अलग जिलों में 4 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश को देखते हुए यह अलर्ट जारी किया है. हालांकि इस अलर्ट के बाद सीएम धामी ने बैठक की और सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा. चिकित्सा विभाग को भी अलर्ट रहने को कहा गया है. उत्तराखंड में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की फोर्स अलर्ट पर है.
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार को यानी की 4 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी व हल्की बारिश के होने की संभावना है. मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और उधम सिंह नगर जिले में भारी से अत्यंत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है.
जबकि देहरादून, हरिद्वार, टिहरी और पौड़ी जिले में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जबकि उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि फिहलाल बारिश से राहत के आसार नहीं हैं. उन्होंने बताया कि 6 जुलाई तक राज्य में बारिश की तेज एक्टिविटी बनी रहेगी.
Tags: Uttarakhand weather
FIRST PUBLISHED : July 4, 2024, 08:23 IST