एकनाथ शिंदे कैबिनेट में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को मिला गृह और वित्त मंत्रालय

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्य मंत्रिमंडल में नवनियुक्त मंत्रियों के विभागों के आवंटन की घोषणा की.

मुख्यमंत्री के पास सामान्य प्रशासन, शहरी विकास, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, सूचना एवं जनसंपर्क, लोक निर्माण (सार्वजनिक परियोजनाएं), परिवहन, विपणन, सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता, राहत एवं पुनर्वास, आपदा प्रबंधन, मृदा एवं जल संरक्षण, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन, अल्पसंख्यक और औकाफ का मंत्रालय रहेगा. साथ ही उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास गृह, वित्त और योजना, कानून और न्याय, जल संसाधन और लाभ क्षेत्र विकास, आवास और ऊर्जा के विभाग रहेंगे.

अन्य 18 मंत्रियों के खाते इस प्रकार हैं:-

1. राधाकृष्णा विखे पाटिल – राजस्व, पशुपालन और डेयरी विकास

2. सुधीर मुनगंटीवार – वन, सांस्कृतिक गतिविधियां और मत्स्य पालन

3. चंद्रकांत पाटिल- उच्च और तकनीकी शिक्षा, कपड़ा उद्योग और संसदीय कार्य

4. डॉ विजयकुमार गावित – आदिवासी विकास

5. गिरीश महाजन – ग्राम विकास एवं पंचायती राज, चिकित्सा शिक्षा, खेलकूद एवं युवा कल्याण

6. गुलाबराव पाटिल – जल आपूर्ति और स्वच्छता

7. दादा भूसे – बंदरगाह और खदान

8. संजय राठौर – खाद्य एवं औषधि प्रशासन

9. सुरेश खाड़े – लेबर मंत्रालय

10. संदीपन भुमरे – रोजगार गारंटी योजना और बागवानी

11. उदय सामंत – उद्योग

12. तानाजी सावंत – सार्वजनिक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण

13. रवींद्र चव्हाण – लोक निर्माण (सार्वजनिक उद्यमों को छोड़कर), खाद्य और नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण

14. अब्दुल सत्तार – कृषि

15. दीपक केसरकर – स्कूली शिक्षा और मराठी भाषा

16. अतुल सावे – सहकारिता, अन्य पिछड़ा वर्ग और बहुजन कल्याण

17. शंभूराज देसाई – राज्य उत्पाद शुल्क

18. मंगल प्रभात लोढ़ा – पर्यटन, कौशल विकास और उद्यमिता, महिला और बाल विकास

महाराष्ट्र में शपथ लेने वालों में बीजेपी की ओर से चंद्रकांत पाटिल, सुधीर मुनगंटीवार, राधा कृष्ण विखे पाटिल, गिरीश महाजन, सुरेश खाडे, रविंद्र चव्हाण, मंगल प्रभात, विजय कुमार गवित और अतुल सावे शामिल थे. वहीं एकनाथ शिंदे खेमे से दादा भूसे, उदय सामंत, गुलाबराव पाटिल, तानाजी सावंत, संजय राठौड़ और संदीपन भूमारे ने शपथ ली थी.

बता दें कि शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने पार्टी के अन्य विधायकों के साथ मिलकर उद्धव सरकार को गिरा दिया था. इसके बाद 30 जून को एकनाथ शिंदे ने खुद सीएम पद की शपथ ले ली थी. साथ ही बीजेपी नेता देवेंद्र फडणीस ने डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ली थी. तभी से दोनों दो सदस्यीय कैबिनेट के रूप में काम कर रहे थे. इसे लेकर विपक्ष लगातार आलोचना कर रहा था.

महाराष्ट्र में मंत्रिमंडल विस्तार के अलावा अब शिंदे गुट और उद्धव ठाकरे गुट के बीच शिवसेना किसकी होगी, इस बात को लेकर जंग और तेज होने वाली है.