छात्राओं के लिए खुशखबरी! उत्तराखंड परिवहन निगम दे रहा फ्री बस सेवा की सुविधा, ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
कमल पिमोली/श्रीनगर गढ़वाल. विषम भौगोलिक परिस्थिति होने के कारण पहाड़ों में सफर काफी लंबा हो जाता है. छोटी-छोटी जरूरतों के लिए कई किलो मीटर का चक्कर काटना पड़ता हैं. वहीं सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है पहाड़ के छात्रों को. 12 वी कक्षा तक तो छात्रायें गांव के स्कूल, इंटर कॉलेज में शिक्षा ग्रहण कर लेती है, लेकिन उच्च शिक्षा के लिए उन्हें अपने घर से कई किमी दूर का सफर तय करना होता है.
ऐसे में उत्तराखंड परिवहन निगम उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही छात्राओं को फ्री बस सेवा योजना चला रही है. इसके लिए छात्राओं को यूटीसी के पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा. जिसके बाद ही छात्राएं इस योजना का लाभ उठा सकती है. प्रदेश के 13 जिलों की छात्राएं इसके लिए आवेदन कर सकती है.
छात्राओं को नहीं है योजना की जानकारी
सरकार द्वारा छात्रों के हित में कई योजनाएं चलाई जा रही है, लेकिन जानकारी के अभाव में छात्र इन योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं. सहायक लेखाकार अशोक काला बताते हैं कि गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्र उनके पास फ्री बस सेवा पास कराने की मांग लेकर पहुंचे थे. छात्रों का कहना था कि गढ़वाल विवि में पौड़ी, टिहरी, रूद्रप्रयाग से भी बड़ी संख्या में छात्र यहां पढ़ने के लिए आते हैं. अशोक काला ने बताया कि जो मांग लेकर छात्र उनके पास पहुंचे थे वह योजना सरकार द्वारा संचालित की जा रही है. जिसमें 12वीं के बाद उच्च शिक्षा में अध्ययनरत छात्राएं अपना बस पास बनाकर मुफ्त में सफर कर सकती हैं.
फ्री बस पास के लिए ऐसे करें आवेदन
छात्राएं यूटीसी की वेबसाइट पर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकती हैं. इसके लिए छात्रा के पास कॉलेज का आई कार्ड, आधार कार्ड, फोटो होना आवश्यक है. जिसे स्कैन कर ऑनलाइन साइट पर अपलोड करना होगा. आवेदन करने के 10 से 15 दिन के अंदर बस पास पीवीसी कार्ड के रूप में दिए गए पते पर पहुंच जाता है. जिसके बाद उसका उपयोग किया जा सकता है. एक बार आवेदन करने पर 6 महीने के लिए पास वैध रहता है. इसका बाद फिर रिन्यू करवाना पड़ेगा.
सभी जिलों में लागू है ये योजना
उत्तराखंड के चमोली, रूद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी, अल्मोडा नैनीताल, बागेश्वर समेत अन्य जिलों की छात्राएं भी इस योजना का लाभ ले सकती हैं. इसके अंतर्गत 35 किमी के दायरे में किसी भी विषय से मान्यता प्राप्त महाविद्यालय व विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली छात्राएं फ्री में परिवहन निगम की बसों में सफर कर सकती है.
.
Tags: Pauri Garhwal News, Pauri news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : October 28, 2023, 22:31 IST