श्रीनगर गढ़वाल हुआ हाईटेक! चप्पे-चप्पे पर होगी तीसरी आंख की नज़र, अब अपराधियों की खैर नहीं 


कमल पिमोली/ श्रीनगर गढ़वाल. उत्तराखंड का श्रीनगर गढ़वाल पहाड़ का एकमात्र नगर निगम है. धीरे-धीरे श्रीनगर शहर आधुनिकता की ओर बढ़ रहा है. यहां की आबादी में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है. ऐसे में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को भी हाईटेक किया जा रहा है. श्रीनगर नगर क्षेत्र को पूरी तरह सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है. यहां अब चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जायेगी. इनमें कई हाइटेक सीसीटीवी कैमरे भी इंस्टाल किये गए हैं. अब शहर के अंदर छोटी से छोटी मूवमेंट पर तीसरी आंख की नजर रहेगी.

बद्रीनाथ-केदारनाथ यात्रा का मुख्य पड़ाव श्रीनगर गढ़वाल में बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं. वहीं एजुकेशन हब होने के चलते यहां केन्द्रीय विश्वविद्यालय से लेकर एनआईटी, पॉलिटेक्नि, मेडिकल कॉलेज, आईटीआई समेत दर्जनों स्कूल मौजूद है. लिहाजा सुरक्षा की दृष्टिगत नगर क्षेत्र में लगे ये सीसीटीवी कैमरे काफी मददगार साबित होंगे.

चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी की नजर
श्रीनगर के मुख्य चौराहों पर 31 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. जबकि दस और कैमरे लगाये जाने प्रस्तावित हैं. श्रीनगर में लगे इन सीसीटीवी कैमरों का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत व कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया. पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिह रावत ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस लगातार आधुनिक हो रही है. बदलते समय में श्रीनगर शहर में इन कैमरों की जरूरत महसूस की जा रही थी. इन कैमरों के लग जाने से निश्चित तौर पर आपराधिक गतिविधियों में रोक लगेगी. पहले अगर कोई घटना हो जाती थी तो पुलिस को अपराधी चिन्हित करने में ही हफ्तों लग जाते थे.

आठ लाख की लागत से स्थापित होगा कंट्रोल रूम
स्थानीय विधायक व स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि पुलिस को स्मार्ट बनाने के लिए कोई कमी नहीं होने दी जाएगी. श्रीनगर में कंट्रेाल रूम स्थापित करने के लिए आठ लाख की धनराशि पुलिस को अलग से दी जायेगी. पूर्व में भी श्रीनगर में 14 सीसीटीवी कैमरे लगाये गये थे लेकिन अब आधुनिक कैमरे लग जाने से पुलिस को दुर्घटनाओं एवं घटनाओं पर रोक लगाने में ओर अधिक मदद मिलेगी. साथ ही वे आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों को आसानी से चिन्हित कर पायेंगे.

अपराध नियंत्रण में मिलेगी सहायता
एसएसपी पौड़ी पौड़ी श्वेता चौबे ने बताया कि श्रीनगर थाने से इन कैमरों की मॉनिटरिंग की जायेगी. चौरास पुल, अल्केश्वर घाट, मुख्य एनएच समेत मुख्य मार्गो के आस-पास ये कैमरे इंस्टाल किये गये हैं. यातायात प्रबंधन में इन कैमरों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. 31 कैमरे नगर क्षेत्र में लगाये गये हैं जबकि आठ कैमरे पहले से नगर में स्थापित किये जा चुके हैं. कोटद्वार व पौड़ी की तरह श्रीनगर में भी हाई टेक कंट्रोल रूप बनाया जायेगा.

Tags: Hindi news, Local18, Pauri Garhwal, Uttarakhand news