द्रौपदी का डांडा एवलांच अपडेट: रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, 27 लोग अभी भी लापता, इन ट्रेंड जवानों की ली जाएगी मदद
हाइलाइट्स
द्रौपदी का डांडा हादसे में आज भी जारी रहेगा सर्च ऑपरेशन
NIM गुलमर्ग के ट्रेंड जवान आज रेस्क्यू ऑपरेशन में होंगे शामिल
अभी भी 27 लोग बर्फ के बवंडर में लापता हैं
उत्तरकाशी. उत्तरकाशी जिले के द्रौपदी डांडा-2 में हुए एवलांच हादसे में बुधवार को वायुसेना के हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू अभियान चलाया गया. गुरुवार को भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहेगा, हालांकि मौसम की खराबी बड़ी बाधा बन सकती है. अभी भी 27 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है. आज गुलमर्ग के हाई एलटीट्यूड स्कूल के त्रिनेड जवानों की मदद से लापता पर्वतरोहियों की तलाश की जाएगी.
बता दें कि अब तक कुल 14 ट्रेनी पर्वतारोहियों और प्रशिक्षकों का सकुशल रेस्क्यू किया जा चुका है. इनमें छह घायलों को मातली हेलीपैड से जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है. हालांकि सभी को सामान्य चोटें आई है. जबकि आठ लोगों को हर्षिल से मातली हेलीपैड लाया जा रहा है. आपदा प्रबधन अधिकारी ने बताया कि सभी आठ लोग स्वस्थ हैं, जिनको निम भेजा गया है. अब बेस कैंप पर कोई घायल मौजूद नहीं है.
मौसम बन सकती है बड़ी बाधा
जिन 27 लोगों के सर्च के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है उसमें मौसम बड़ी बाधा बन सकती है. हालांकि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के लिए अब मैन्युअल सर्च टीमें स्पॉट पर भेजी जा रही हैं. इसके लिए NIM ने गुलमर्ग के हाई एलटीट्यूड स्कूल से मदद मांगी हैं. हाई एलटीट्यूड वॉर फेयर के जवान आज रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पहुंचेंगे.
सविता कंसवाल और नौमी रावत की मौत
गौरतलब है कि उत्तरकाशी के लोंथरु गांव की निवासी पर्वतारोही सविता कंसवाल और नौमी रावत की हादसे में मौत हो गई है. सविता ने इसी साल मई माह में 15 दिन के अंदर एवरेस्ट और माउंट मकालू पर्वत का सफल आरोहण कर नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम किया था. मंगलवार सुबह द्रौपदी का डांडा चोटी में निम के एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स में गए प्रशिक्षकों में शामिल पर्वतारोही सविता की एवलांच में दबने से मौत हो गई.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Uttarakhand news, Uttarkashi News
FIRST PUBLISHED : October 06, 2022, 08:43 IST