नैनीताल के इस गांव में 20 लड़कियां कुंवारी, कहा- लड़के वाले आते हैं लेकिन…


Last Updated:

Nainital News in Hindi: देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है, लेकिन एक हकीकत ऐसी भी है जो इस तस्वीर को पूरी तरह बदल देती है. उत्तराखंड के नैनीताल स्थित एक गांव में ऐसी समस्या सामने आई है जो सोचने पर मजबूर भी कर द…और पढ़ें

हाइलाइट्स

  • गैरीखेत गांव में सड़क की कमी से शादियां नहीं हो पा रही हैं.
  • ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की है.
  • सड़क न होने से गांव में पलायन और सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं.
नैनीताल: देश जहां एक ओर चांद और मंगल की ओर कदम बढ़ा रहा है, वहीं उत्तराखंड के नैनीताल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल से महज 5 किलोमीटर की दूरी पर एक गांव ऐसा है जो आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है. इस गांव का नाम है ग्रामसभा गैरीखेत. यहां न सड़क है, न अस्पताल, न स्कूल और न ही रोजगार के साधन. इसका असर गांव के सामाजिक जीवन पर भी साफ दिख रहा है. हालत ये है कि यहां लड़के-लड़कियों की शादियां तक नहीं हो पा रही हैं.

शादी तय होते ही टूट जाते है रिश्ते
गांव की रहने वाली हेमा बताती हैं कि उनकी उम्र 30 साल हो चुकी है लेकिन अब तक उनकी शादी नहीं हो पाई. कई बार रिश्ते आए लेकिन जब लड़के वाले गांव की हालत देखकर लौटे तो रिश्ता भी टूट गया. उनका कहना है कि सिर्फ इसलिए उनकी शादी नहीं हो रही क्योंकि गांव में गाड़ी नहीं आती. गांव की दीपिका कहती हैं कि यहां करीब 20 से ज्यादा लड़कियां और 30 लड़के ऐसे हैं जिनकी उम्र शादी की हो चुकी है लेकिन कोई भी रिश्ता टिक नहीं पाता. कोई अपनी बेटी को यहां नहीं भेजना चाहता और न ही यहां से बहू ले जाना चाहता है. कारण सिर्फ एक है कि गांव में सड़क नहीं है.

बीमार आज भी डोली के सहारे
ग्रामसभा गैरीखेत की सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि यहां बीमार व्यक्ति को आज भी डोली में बैठाकर नैनीताल लाना पड़ता है. गांव तक किसी वाहन का पहुंच पाना नामुमकिन है. एम्बुलेंस तक नहीं पहुंचती. ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से अब तक उनके गांव तक एक भी पक्की सड़क नहीं बन सकी है. इस कारण न केवल शादी जैसे सामाजिक मामलों में परेशानी हो रही है बल्कि गांव से लोगों का पलायन भी तेजी से बढ़ रहा है.

युवा कर रहे हैं बेहतर भविष्य की मांग
स्थानीय निवासी धीरज कहते हैं कि जब तक गांव तक सड़क नहीं पहुंचेगी, कोई भी यहां अपनी बेटी की शादी नहीं करेगा. यह सिर्फ शादी की नहीं बल्कि पूरे गांव के भविष्य की समस्या है. लड़के-लड़कियों की उम्र निकलती जा रही है. रोजगार के साधन नहीं हैं. गांव की नई पीढ़ी उज्जवल भविष्य के लिए शहरों की ओर भाग रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द गांव तक पक्की सड़क बनाई जाए ताकि गांव की तस्वीर बदले और युवाओं को एक बेहतर जिंदगी मिल सके.
यह भी पढ़ें: भीगने न पाए राखी की डोर! पोस्ट ऑफिस ने लॉन्च किए वॉटरप्रूफ लिफाफे, अब भाई तक सही सलामत पहुंचेगा आपका प्यार
homeuttarakhand

नैनीताल के इस गांव में 20 लड़कियां कुंवारी, कहा- लड़के वाले आते हैं लेकिन…