वेदांता को हरा मेजबान संस्कार स्कूल ने जीता अंतर स्कूल क्रिकेट खिताब
जयपुर। मेजबान संस्कार स्कूल ने शुक्रवार को यहां फाइनल मुकाबले में वेदांता इंटरनेशनल स्कूल को आठ विकेट से पराजित कर 15वीं अखिल भारतीय कन्नी थारियामल अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता का लगातार तीसरी बार खिताब जीत लिया। फाइनल में टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेदांता स्कूल की टीम ने यश चौधरी के नाबाद 61 रनों की मदद से निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 125 रन बनाए। संस्कार स्कूल के नतांश करिया ने 19 रन देकर 2 विकिट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी संस्कार स्कूल की टीम के कप्तान आर्यमन शर्मा ने 53 गेंदों में 65 और मेन ऑफ द मैच आदित्य वाधवा के 51 गेंदों में 53 रनों की मदद से 19.3 ओवरों में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल करते हुए अपनी टीम को लगातार तीसरी बार चैंपियन बनाया। समापन समारोह में पूर्व भारतीय क्रिकेटर पंकज सिंह, संस्कार स्कूल की निदेशक दिशा थारियामल प्राचार्या नीलम भारद्वाज गिरधर कुमारी और उपप्राचार्या मनीषा चंद्रा ने विजेता टीम को ट्राफी प्रदान की। रयान स्कूल के वरदान शर्मा को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, संस्कार के देवांक सिंगोधिया को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा रयान के वासु को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।