सूचना सहायक भर्ती में परीक्षा देने आया डमी कैंडिडेट गिरफ्तार

जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन आयोग की ओर से आयोजित सूचना सहायक की भर्ती परीक्षा में पेपर देने आया एक डमी कैंडिडेट को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार डमी कैंडिडेट प्रेम सिंह गडरा धोरीमन्ना बाड़मेर का रहने वाला है। एडीजी (एटीएस-एसओजी एवं एसआईटी प्रभारी) वीके सिंह ने बताया कि हेल्पलाइन पर सूचना मिली कि एक युवक किसी अन्य की जगह पर परीक्षा देने आ रहा है। इस सूचना पर एसआईटी की गठित टीम और आयुक्तालय जयपुर की टीमों के सहयोग से नवनिर्माण बाल निकेतन सैकेंण्डरी स्कूल हाथोज कालवाड़ रोड पर डमी कैंडिडेट प्रेमसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। यह आरोपी विजय कुमार मीना जामडोली रैणी अलवर के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। परीक्षा केन्द्र अधीक्षक की रिपोर्ट पर कालवाड़ थाना पुलिस जांच कर रही है। 

इस टीम ने रखी थी निगरानी
एडीजी वीके सिंह ने बताया कि घटना की जांच के लिए डीआईजी योगेश यादव के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। इस टीम में एएसपी बंजरग सिंह शेखावत, पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़, नरेंद मीना, मनराज मीना, नीलकमल मीना, सुनील तेवतिया, मोहेश चौधरी, स्वाति शर्मा, भंवरलाल, मिलन कुमार जोहिया को अलग-अलग संभाग मुख्यालयों पर भेजकर संदिग्धों पर निगरानी रखी गई। एडीजी सिंह ने बताया कि समस्त प्रदेशवासियों से अपील है कि टोल-फ्री हेल्पलाइन नम्बर 9530429258 एवं 155249 पर 24 घंटे सम्पर्क कर पेपर लीक के सम्बन्ध में सूचना दे सकते हैं।  

छह लाख रुपए में हुआ सौदा
जांच में खुलासा हुआ कि धनराज ने दलाल मुकेश मीणा व मदन बिश्नोई के जरिए छह लाख रुपए में सौदा तय किया था। वह 50 हजार रुपए एडवांस लेने के बाद विजय कुमार की जगह पर परीक्षा देने गया था। कुछ रुपए परीक्षा के बाद और कुछ परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद देना तय हुआ था। आरोपी से पूछताछ के बाद मुकेश और मदन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। अभी मूल अभ्यर्थी विजय कुमार को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

52 फीसदी अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
सूचना सहायक सीधी भर्ती परीक्षा जिले में सफल एवं शांतिपूर्ण संपन्न हुई। जयपुर शहर के 185 केन्द्रों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित हुई परीक्षा में 52.90 फीसदी से अधिक अभ्यर्थियों ने ये परीक्षा दी। जयपुर में कुल पंजीकृत 66 हजार 775 अभ्यर्थियों में से 35 हजार 325 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। वहीं, 31 हजार 450 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार जताया है। उधर, परीक्षा के चलते सिंधीकैंप, नारायण सिंह सर्किल, चौंमू पुलिया, अजमेर रोड 200 फीट बाइपास, दुर्गापुरा सहित अन्य बस स्टैंड पर परीक्षार्थियों की भीड़ रही। इनके चलते रोडवेज की बसें भी कम पड़ गई। हालांकि कुछ रूट्स पर रोडवेज प्रशासन ने अतिरिक्त बसों का भी संचालन किया है।