हल्द्वानी में हुई हिंसा में 6 दंगाईयों की मौत, अब हालात सामान्य: सिटी एसपी


अधिक पढ़ें

Haldwani Violence Riots: उत्तराखंड के हल्द्वानी में गुरुवार की शाम को भयंकर हिंसा हुई है. अवैध तरीके से बने मदरसे और मस्जिद के खिलाफ कार्रवाई करने उतरी नगर निगम की टीम और पुलिस पर लोगों ने पथराव करना शुरू दिया, जिससे हंगामा हिंसा में तब्दील हो गया. जगह-जगह तोड़फोड़ और आगजनी हुई. इसके बाद तुरंत एक्शन लेते हुए शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया. स्कूलों और दुकानों सहित सभी संस्थान अग्रिम आदेश तक बंद करने का निर्देश दिया गया है. राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपद्रवियों के खिलाफ सख्त एक्शन के आदेश भी दिए हैं. सीएम धामी ने एक-एक दंगाइयों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है. इसके अलावा आज उत्तराखंड के प्रमुख सचिव और डीजीपी ने दौरा किया.

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में हिंसा के बाद माहौल तनावग्रस्त हो गया है. इसलिए एहतियात के तौर पर पूरे शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है. वहीं देहरादून में भी सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है. देहरादून के पलटन बाजार में पुलिस की भारी तैनाती की गई है. सीएम पुष्कर सिंह धामी लगातार हिंसा से जुड़ी अपडेट ले रहे हैं. सीएम धामी ने ट्वीट कर कहा है कि हिंसा के दोषिय़ों की पहचान होगी और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा.

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में बृहस्पतिवार को नगर निगम ने ‘‘अवैध’’ रूप से निर्मित मदरसा एवं मस्जिद को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया, जिसके बाद क्षेत्र में पैदा हिंसक स्थिति को देखते हुए कर्फ्यू लगा दिया गया और दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए हैं. एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि घटना में 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं. घायलों में हल्द्वानी के एसडीएम (अनुमंडलाधिकारी) भी शामिल हैं. इसने कहा कि शहर के बनभूलपुरा इलाके में हिंसा के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए लगभग घायल लोगों में से अधिकांश पुलिसकर्मी और नगरपालिका कर्मचारी हैं, जो एक स्थानीय मदरसे की विध्वंस कार्रवाई में शामिल थे.