हल्द्वानी हिंसा में एक्शन, मजिस्ट्रेट जांच का आदेश, 5000 लोगों की तलाश
हल्द्वानीः उत्तराखंड के हलद्वानी के वनभूलपुरा इलाके में भड़की हिंसा पर धामी सरकार लगातार एक्शन मोड में हैं. राज्य सरकार ने हिंसा की मजिस्ट्रेट जांच कराने का आदेश दिया है. जांच की जिम्मेदारी कुमाऊं कमिश्नर को दी गई है. साथ ही 15 दिन में रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है.एसएसपी नैनीताल पीएन मीना ने कहा, ‘पुलिस ने 19 नामजद और 5000 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी शुरू कर दी है. कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और उपद्रवियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है.’
वहीं एडीजी कानून एवं व्यवस्था अंशुमान ने कहा, ‘हल्द्वानी में हालात बिल्कुल सामान्य हैं. बाहरी क्षेत्रों से कर्फ्यू हटा दिया गया है. केवल वनभूलपुरा क्षेत्र में कर्फ्यू जारी है. पूरे प्रकरण में 3 FIR दर्ज़ की गई है, जिसमें 16 लोगों को नामजद किया गया है, बाकी अज्ञात हैं. 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस लगातार दबिश दे रही है. शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.’
इसके अलावा उन्होंने कहा कि CCTV की जांच की जा रही है. घटना में अभी तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है. 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. कई पुलिसकर्मी भी घायल हैं. शहर में केंद्रीय सुरक्षा बल भी यहां तैनात हैं. PAC भी लगाई गई है. हल्द्वानी में आज कर्फ्यू से राहत की उम्मीद की जा रही है. हिंसा के बाद सात जोन में हल्द्वानी शहर को बांटा गया है. मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारी निरंतर भ्रमण करते रहेंगे. हल्द्वानी के स्कूल आज भी बंद रहेंगे. उत्तराखंड मुक्त विवि की परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं. उत्तराखंड के मुस्लिम बाहुल्य जिलों में निगरानी बढ़ा दी गई है. मस्जिदों के आसपास भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है.
.
Tags: Haldwani news, Uttarakhand Police
FIRST PUBLISHED : February 10, 2024, 12:31 IST