हिमाचल के कुल्लू में बस खाई में गिरी, स्कूली बच्चों समेत 16 लोगों की मौत, कई ज़ख्मी

हिमाचल प्रदेश में एक निजी बस खाई में गिर गई जिससे 16 लोगों की मौत हो गई.

कुल्लू जिले की सैंज घाटी में भयंकर बस हादसा हुआ है. शैंशर से सैंज की तरफ आ रही एक निजी बस जंगला गांव के पास सड़क से नीचे खाई में जा गिरी. साढ़े आठ बजे हुए हादसे में स्कूली बच्चों सहित 16 यात्रियों के मरने की खबर है. बस में 40 से 50 लोग सवार थे. इस हादसे में कई लोगों घायल हुए हैं.  घटनास्थल पर बचाव राहत का कार्य जारी है.

यह भी पढ़ें

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक निजी बस के खड्ड में गिरने से कुछ स्कूली बच्चों समेत कई लोगों की मौत हो गई है. एजेंसी को एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी है.

कुल्लू के उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने बताया कि सैंज जा रही बस जंगला गांव के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे खड्ड में गिर गई. उन्होंने बताया कि जिले के अधिकारी तथा बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और घायलों को नजदीक स्थित एक अस्पताल ले जाया जा रहा है. 

घटना संबंधी विस्तृत जानकारी का इंतजार है.