90 फीट ध्वजदंड पहुंचा दरबार साहिब, इस पेड़ की लकड़ी से हुआ तैयार
Last Updated:
Jhande Ji Mela Dehradun: देहरादून में 19 मार्च से ऐतिहासिक श्री झंडा महोत्सव शुरू होगा. 90 फीट ऊंचे ध्वजदंड को संगतों ने कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब पहुंचाया. साल के पेड़ से बने ध्वजदंड का 19 मार्च को श्रीम…और पढ़ें
देहरादून स्थित दरबार साहिब पहुंचा 90 फीट ध्वजदंड
देहरादून. होली के पांच दिन बाद शुरू होने वाला ऐतिहासिक श्री झंडा महोत्सव इस बार 19 मार्च से शुरू होगा. इस साल 90 फीट ऊंचे नए ध्वजदंड को संगतों द्वारा कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब तक ले जाया गया. रविवार को हजारों श्रद्धालुओं ने इस धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया और श्री गुरु राम राय जी महाराज और श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्री महंत देवेंद्र दास जी महाराज के जयकारों से देहरादून की गलियां भक्तिमय हो गईं. रविवार सुबह 6:30 बजे संगतें श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग पहुंचीं, जहां श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं को दर्शन और आशीर्वाद दिया.
सुबह 8 बजे संगतों ने 90 फीट ऊंचे नए ध्वजदंड को अपने कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब के लिए प्रस्थान किया. यात्रा मार्ग टीएचडीसी चौक, श्री महंत इंद्रेश अस्पताल, लालपुल चौक, मातावाला बाग, सहारनपुर चौक होते हुए सुबह 9:30 बजे श्री दरबार साहिब पहुंची. इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया.
श्री झंडे जी के लिए विशेष तैयारियां
ध्वजदंड साल के पेड़ की लकड़ी से तैयार किया गया है. करीब दो महीने से कारीगर इसे तैयार कर रहे थे. श्री दरबार साहिब परिसर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष ठहराव और लंगर व्यवस्था की गई है. संगतों के लिए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल (बिंदाल, तालाब, राजा रोड, भंडारी बाग, पटेल नगर) सहित धर्मशालाओं में ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. ढोल नगाड़ों और वाद्ययन्त्रों की धुनों पर संगतें श्री गुरु राम राय जी महाराज के जयकारे लगाती रहीं, जिससे पूरी दून घाटी गुरुमई हो गई. सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मेला थाना और मेला अस्पताल जल्द शुरू होगा.
19 मार्च को होगा झंडारोहण
19 मार्च को श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज की अगुवाई में 90 फीट ऊंचे नए श्री झंडे जी का विधिवत आरोहण होगा. श्री दरबार साहिब प्रबंधन समिति के मुताबिक, लाखों श्रद्धालु इस पावन बेला का साक्षी बनने के लिए देहरादून पहुंचेंगे. श्री झंडा महोत्सव (Jhande Ji Mela Dehradun) आपसी प्रेम, भाईचारे और श्रद्धा का प्रतीक है, जहां सभी धर्मों के लोग आस्था के साथ शामिल होते हैं.
Dehradun,Uttarakhand
March 17, 2025, 05:06 IST
90 फीट ध्वजदंड पहुंचा दरबार साहिब, इस पेड़ की लकड़ी से हुआ तैयार