Pithoragarh News: चपरासी बना स्कूल प्रिंसिपल…फजीहत के बाद अब शिक्षा विभाग ने बदला फैसला!
Last Updated:
Pithoragarh Hindi News: पिथौरागढ़ के खतेड़ा इंटर कॉलेज में शिक्षक हड़ताल के कारण प्रभारी प्रिंसिपल का चार्ज एक चपरासी को देना पड़ा. इस घटना ने उत्तराखंड एजुकेशन सिस्टम की गंभीर स्थिति उजागर कर दी है. अब जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी को सौंप दी गई है, लेकिन राज्य के कई स्कूल सालों से प्रभारी स्टाफ के भरोसे ही चल रहे हैं.
चपरासी को दे दिया प्रिंसिपल का जिम्मा
पिथौरागढ़ के मुनस्यारी तहसील में तो हालात गजब हो गए. यहां प्रिंसिपल का जिम्मा एक चपरासी को देना पड़ गया. ये सबकुछ हुआ है खतेड़ा इंटर कॉलेज में. असल में इस स्कूल के हालात इस कदर पटरी से उतरे हैं कि कोई नियमित कर्मचारी बचा ही नहीं है. ऐसे में मरता क्या न करता.
मुख्य शिक्षा अधिकारी एचआर कोहली का कहना है कि प्रभारी प्रिंसिपल का जिम्मा किसी नियमित कर्मचारी को ही दिया जा सकता है. हड़ताल के कारण जब दो नियमित शिक्षकों ने जिम्मा लेने से मना कर दिया तो ये हालात पैदा हो गए. दरअसल, खतेड़ा इंटर कॉलेज में दो परमानेंट के साथ ही पांच गेस्ट टीचर तैनात हैं. शिक्षक संघ के आह्वान पर दोनों शिक्षक आंदोलन में उतरे हैं. ऐसे में परमानेंट स्टाफ के नाम पर यहां सिर्फ एक चपरासी ही मौजूद है.
नियमों के मुताबिक सिर्फ परमानेंट स्टाफ को ही प्रिंसिपल का जिम्मा दिया जा सकता है. ऐसे में प्रभारी प्रिंसिपल छोटे लाल ने परमानेंट चपरासी राजू गिरी को घंटी बजाने के साथ ही स्कूल चलाने का जिम्मा भी सौंप डाला. चपरासी को प्रिंसिपल का जिम्मा मिलने से विभाग में भी खासा हड़कंप मचा.
हर तरफ हुई फजीहत के बाद आखिरकार अब प्रिंसिपल का जिम्मा खंड शिक्षा अधिकारी मुनस्यारी को सौंपा गया है. पिथौरागढ़ के 99 फीसदी हाईस्कूल और इंटर कॉलेज सालों से प्रभारियों के भरोसे चल रहे हैं. यही नहीं कई स्कूलों में तो मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों को भी प्रिंसिपल का जिम्मा दिया गया है. लेकिन खतेड़ा इंटर कॉलेज में एक भी मिनिस्ट्रियल कर्मचारी नहीं है. ऐसे में यहां जो कुछ हुआ वो उत्तराखंड एजुकेशन सिस्टम की पोल खोलने के लिए काफी है.
यह भी पढ़ें: बागेश्वर में छुपा जड़ी-बूटियों का अनमोल खजाना, जहां मिलती है कई दुर्लभ औषधियां, कीमत ₹10 से शुरू
पिछले 5 साल से मीडिया में सक्रिय, वर्तमान में News18 हिंदी में कार्यरत. डिजिटल और प्रिंट मीडिया दोनों का अनुभव है. मुझे लाइफस्टाइल और ट्रैवल से जुड़ी खबरें लिखना और पढ़ना पसंद है.
पिछले 5 साल से मीडिया में सक्रिय, वर्तमान में News18 हिंदी में कार्यरत. डिजिटल और प्रिंट मीडिया दोनों का अनुभव है. मुझे लाइफस्टाइल और ट्रैवल से जुड़ी खबरें लिखना और पढ़ना पसंद है.