UK Board Result 2024: 5 घंटे पढ़ाई, फंक्शन-सोशल मीडिया से दूरी… 10 वीं की टॉपर प्रियांशी ने बताया सक्सेस मंत्र
हिमांशु जोशी/पिथौरागढ़. उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा का परिणाम आज घोषित हो गया है. 10वीं की बोर्ड परीक्षा में पिथौरागढ़ जिले के साधन इंटर कॉलेज बेरीनाग की छात्रा प्रियांशी रावत ने पहला स्थान प्राप्त किया है. प्रियांशी ने हाई स्कूल परीक्षा में 500 में से 500 नंबर लाकर ये मुकाम हासिल किया है.
बेरीनाग निवासी प्रियांशी के पिता पूर्व सैनिक है और फिलहाल बेरीनाग बाजार में दुकान चलाते हैं. प्रियांशी की माता प्रियांशी के ही स्कूल में अंग्रेजी की शिक्षक हैं. प्रियांशी की इस उपलब्धि से उसके गृह क्षेत्र बेरीनाग के साथ ही पूरे जिले में खुशी की लहर है. सुबह से ही प्रियांशी के घर में बधाई देने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है.
फंक्शन और सोशल मीडिया से बनाई दूरी
प्रियांशी ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, चाचा चाची और शिक्षकों को दिया है. प्रियांशी का कहना है कि उन्होंने एक साल हाई स्कूल की परीक्षा के लिए किसी भी फंक्शन में जाना बंद करने के साथ ही सोशल मीडिया से दूरी ही बना लिया था और फोकस्ड होकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान दिया.
इंडियन आर्मी में अफसर बनना चाहती हैं प्रियांशी
प्रियांशी ने बताया कि इस दौरान माता-पिता के साथ ही उनके शिक्षक चाचा ने भी उनकी पढ़ाई में काफी मदद की. प्रियांशी से बातचीत में उन्होंने बताया कि वह आगे चलकर अपने पिता की तरह ही इंडियन आर्मी में अफसर बनना चाहती हैं.
रोज 5 घंटे करती थी पढ़ाई
प्रियांशी के पिता राजेश रावत ने बेटी की इस उपलब्धि पर फक्र महसूस करते हुए प्रियांशी के शिक्षकों को धन्यवाद दिया है और बताया कि प्रियांशी हर रोज 4 से 5 घंटे पढ़ाई करती थी. उन्होंने कहा की बेटी की इस उपलब्धि से उनके साथ ही पूरे जिले और क्षेत्र का मान बड़ा है.
पिथौरागढ़ के 91 % छात्र हुए पास
पिथौरागढ़ के जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार हाई स्कूल और इंटरमीडिएट में जिले का परीक्षा फल बेहतरीन रहा है. हाई स्कूल में जहां 91 फ़ीसदी छात्र उत्तीर्ण हुए हैं तो वहीं इंटरमीडिएट में 90 फ़ीसदी छात्र छात्र पास हुए हैं.
.
Tags: Education, Local18, Pithoragarh news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : April 30, 2024, 18:24 IST