Uttarakhand: पिथौरागढ़ में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ लोगों ने खोला मोर्चा, जानें आगे का प्लान


रिपोर्ट- हिमांशु जोशी

पिथौरागढ़. उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में अभिवावकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने निजी स्कूलों के खिलाफ मनमाने तरीके से उनकी जेब का भार बढ़ाने का आरोप लगाते हुए निजी स्कूलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, अभिवावकों के अनुसार स्कूल अन्य पब्लिकेशन की कॉपी-किताबें खरीदने का दबाव तो बना ही रहे हैं साथ ही अब री-एडमिशन के नाम पर भी कई स्कूल फीस मांग रहे है, जिससे मध्यमवर्गीय परिवारों के सामने मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं.

जिसके विरोध में तमाम संगठन और अभिभावक गांधी चौक में पिछले कई दिनों से धरने में बैठें हैं और निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ जनहित याचिका दायर करने के लिए लोगों से एक रुपये का सहयोग लिया जा रहा है जिसमें सभी लोग बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. इस आंदोलन में बैठे अभिवावकों का कहना है कि स्कूलों की मनमानी से वह परेशान हो चुके है, और अब सभी जनता के सहयोग से अभिभावक जनहित याचिका डालने के लिए तैयार है, जब तक स्कूल मनमानी फीस वापस नहीं करेगा तब तक आंदोलन जारी रखने की बात भी उन्होंने की है.

पिथौरागढ़ के विभिन्न सामाजिक संगठन निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ सड़क पर धरने में बैठे हुए है, जाग उठा पहाड़ के अध्यक्ष गोविंद महर के नेतृत्व में प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ कई दिनों से धरना जारी है, जिनका कहना है कि नए सत्र में प्रवेश आते ही अभिवावकों की मुश्किलें भी बढ़ जाती है हर साल किताबों के दामों और स्कूल की फीस में हो रही बढ़ोत्तरी से अभिवावक काफी परेशान हैं, तमाम अभिवावकों से बातचीत में उन्होंने बताया कि निचली कक्षाओं की ही किताबें 5 से 7000 के बीच में मिल रही हैं क्योंकि एनसीईआरटी की किताबों के साथ ही अन्य पब्लिकेशन की किताबें भी उन्हें लेनी पड़ती है.

लगातार बच्चों की शिक्षा महंगी होते देख कई सामाजिक संगठन ने निजी स्कूलों के खिलाफ पिथौरागढ़ की जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंप के जांच की मांग की है.- जिले के अभिवावकों ने अपनी समस्याएं और निजी स्कूलों की मनमानी से जिलाधिकारी रिना जोशी को अवगत कराते हुए इस पर रोक लगाने की बात कही है, जिलाधिकारी रिना जोशी ने इस सम्बंध में टीम गठित कर ऐसे स्कूलों के खिलाफ जांच करने की बात कही है.

Tags: Pithoragarh district, Pithoragarh news, Private schools, School news, Uttarakhand Government, Uttarakhand news