मौसम हो रहा गर्म, वाटर नहीं हुआ कूल

कोटा । शहर में आने वाले समय में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ने वाला है। ऐसे में राहगीरों को पीने के लिए ठंडे पानी की जरूरत होगी। लेकिन हालत यह है कि सड़क किनारे मेन रोड पर जगह-जगह लगे अधिकतर वाटर कूलर या तो खराब हैं या बंद पड़े हुए हैं। जिससे उनका ठंडा पानी लोगों को नहीं मिल पा रहा है। गर्मी का सीजन शुरु होने के साथ ही पहले शहर में जगह-जगह प्याऊ लगाई जाती थी।  नगर निगम की गौशाला के माध्यम से प्याऊ का संचालन किया जाता  था। लेकिन पिछले कई सालों से निगम ने प्याऊ लगाना तो बंद कर दिया। उनके स्थान पर अब वाटर कूलर लगने लगे हैं। नगर निगम के अलावा विधायक व सांसद कोष से और स्वयंसेवी संस्थाओं व समाज सेवियों के माध्यम से शहर में वाटर कूलर तो लगाए गए हैं। लेकिन हालत यह है कि उनमें से कई वाटर कूलर खराब या बंद हैं। 

करीब 500 से अधिक वाटर कूलर
नगर निगम कोटा उत्तर व दक्षिण क्षेत्र में करीब 500 से अधिक वाटर कूलर लगे हुए हैं। पार्क, मंदिर, धार्मिक स्थल, मेन रोड, मार्केट, बस स्टैंड समेत कई जगह पर वाटर कूलर लगे हुए हैं। नगर निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर निगम द्वारा पार्षदों की अनुशंसा पर और विधायक कोष से उनकी अनुशंसा पर नगर निगम के माध्यम से वाटर कूलर लगाए गए हैं। ये वाटर कूलर हर साल गर्मी के सीजन में काम में आते हैं।

यह है वाटर कूलर की स्थिति
शहर में वाटर कूलर तो अब जगह-जगह पर हर थोड़ी दूरी पर लगे हुए हैं। लेकिन उनकी स्थिति काफी खराब है। शहर में शॉपिंग सेंटर में बैंक के सामने वाटर कूलर ही गायब है। ऐसे में उसका ठंडा पानी लोगों को मिलना ही संभव नहीं है। फर्नीचर मार्केट में लगा वाटर कूलर बंद पड़ा हुआ है।  वहीं मल्टीपरपज स्कूल के कॉर्नर पर वाटर कूलर तो लगा हुआ है लेकिन वह बंद है। छावनी चौराहे पर एलआईसी बिल्डिंग के सामने वाटर कूलर का स्ट्रक्चर तो बना हुआ है। लेकिन वहां न पानी की टंकी है और न ही वाटर कूलर है। इसी तरह एक होटल के सामने लगा वाटर कूलर बंद पड़ा हुआ है। संजय नगर स्थित नए बस स्टैंड पर वाटर कूलर नाम मात्र व दिखावे है। यह स्थिति तो कुछ ही वाटर कूलर की है। पूरे शहर में ऐसे दर्जनों वाटर कूलर हैं जिनमें या तो नल गायब हैं या टंकी गायब है। किसी में चालू होने से पानी तो आ रहा है लेकिन उसका विद्युत कनेक् शन नहीं होने से गर्म पानी आ रहा है। नए कोटा शहर से लेकर भीमगंजमंडी तक इस तरह के कई वाटर कूलर देखे जा सकते हैं। 

नगर निगम करवाता सफाई व मेंटेनेंस
सूत्रों के अनुसार वाटर कूलर चाहे नगर निगम ने लगवाएं हो या विधायक कोष से लगे हों। निगम क्षेत्र में लगे वाटर कूलरों की मेंटेंनस और पानी की टंकियों की सफाई नगर निगम द्वारा करवाई जाती है। जबकि संस्थाओं द्वारा संचालित कूलरों की सफाई उनके द्वारा ही करवाई जाती है। हालत यह है कि नगर निगम के विद्युत अनुभाग में तकनीकी स्टाफ की कमी होने से इन पर ध्यान ही नहीं दिया जा रहा है। 

इनका कहना है
शहर के निगम क्षेत्र में लगे वाटर कूलरों की मेंटेनेंस व टंकी की सफाई नगर निगम के माध्यम से करवाई जाती है। अभी गर्मी शुरु होने से पहले सभी की मेंटेनेंस करवाने के आदेश जारी कर दिए हैं। या तो वे सही हो गए होंगे या हो रहे होंगे। गर्मी तेज पड़ने से पहले सभी को सही करवा दिया जाएगा। जिससे लोगों को गर्मी में शीतल जल मिलता रहे। 
– अशोक त्यागी, आयुक्त, नगर निगम कोटा उत्तर

By admin