रोहित भट्ट
अल्मोड़ा. उत्तराखंड के अल्मोड़ा में हर साल बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक घूमने आते हैं. पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण अल्मोड़ा शहर की सड़कों का बुरा हाल है. यहां की सड़कों पर केवल गड्ढे ही गड्ढे देखने को मिलते हैं. आलम यह है कि इन सड़कों से गुजरने में दोपहिया वाहन चालकों को डर लगता है. खराब सड़कों के कारण कई दुर्घटना हो चुके हैं, लेकिन इनकी सुनवाई करने वाला कोई नहीं.
अल्मोड़ा के जाखन देवी के पास कुछ समय पहले जल संस्थान के द्वारा सड़क के किनारे खुदाई की गई थी. सड़क तो खोद दी गई, पर उसका डामरीकरण अभी तक नहीं हो पाया है. खराब सड़क होने की वजह से यह हादसों को आमंत्रण दे रही है. सड़कों का ऐसा हाल शहर में कई जगह देखने को मिलेगा.
स्थानीय निवासी नवीन चंद्र तिवारी ने बताया कि जाखन देवी में कई महीने पहले इस सड़क को जल संस्थान के द्वारा खोदा गया था, जिससे सड़क का हाल इतना बुरा हो गया है कि यह अब आधी रह गई है. इस सड़क से गुजरने वाले वाहनों और लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है.
नगरपालिका के सभासद अमित साह ने बताया कि इस सड़क से स्कूली बच्चे समेत तमाम लोग गुजरते हैं. इसको लेकर उन्होंने जिला पंचायत सदस्य महेश नयाल के साथ जिलाधिकारी (डीएम) वंदना सिंह से बात की थी. डीएम वंदना सिंह ने बताया कि जाखन देवी सड़क के लिए राशि की स्वीकृति दे दी गई है. जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा.
प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस ने न्यूज़ 18 लोकल से बातचीत में बताया कि जाखन देवी सड़क के लिए पैसा आवंटित हो गया है. बारिश रुकते ही इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. इसके अलावा अल्मोड़ा शहर की सड़कों में हो रहे गड्ढों को भी पैचिंग कर के ठीक किया जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Almora News, Road accident, Road broken, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : September 16, 2022, 15:47 IST
