रोहित भट्ट/अल्मोड़ा. स्कूल या फिर किसी भी संस्थान में बच्चे पढ़ाई करने के लिए जाते हैं, जहां से वह अपनी शिक्षा को ग्रहण करते हैं. पर जिस संस्थान में वह पढ़ाई कर रहे हैं और वहां टीचर की कमी हो तो बच्चे आखिर क्या कर सकते हैं. ऐसा ही मामला उत्तराखंड के अल्मोड़ा के होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट से सामने आया है. यहां पर टीचरों की कमी के चलते छात्रों ने होटल मैनेजमेंट संस्थान में तालाबंद कर दिया है . जगत सिंह बिष्ट राजकीय होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट साल 1991 में स्थापित हुआ था और यहां पर विभिन्न राज्यों के बच्चे पढ़ाई करने के लिए आते हैं. अल्मोड़ा के होटल मैनेजमेंट में फैकल्टी की कमी होने के चलते बच्चों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर सड़कों पर उतर आए हैं.
दरअसल, उत्तराखंड में दो ही सरकारी होटल मैनेजमेंट के संस्थान हैं, देहरादून और अल्मोड़ा में. अल्मोड़ा होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट में टीचरों की कमी होने के चलते बच्चों ने धरना प्रदर्शन कर कॉलेज में तालेबंदी कर दी और यहां के छात्र सड़कों पर उतर आए. छात्रों में काफी आक्रोश देखने को मिला. यहां पर पढ़ने वाले छात्रों ने बताया कि होटल मैनेजमेंट में 9 शिक्षकों की जरूरत है, पर सिर्फ दो ही टीचर वर्तमान में बच्चों को पढ़ा रहे हैं, जिस वजह से उनकी पढ़ाई पर काफी असर पड़ रहा है. उनका कहना है कि अगर जल्द ही शिक्षकों की तैनाती नहीं हुई, तो वह प्रदर्शन को जारी रखेंगे.
173 छात्रों पर 2 टीचर
छात्र शेखर नेगी ने बताया कि उनके धरने का 2 दिन हो चुका है. करीब डेढ़ महीने पहले सत्र शुरू हो चुका है, पर टीचर नहीं हैं. इतना बड़ा संस्थान होने के बावजूद भी यहां पर सिर्फ दो ही फैकल्टी हैं और 173 बच्चे यहां पर पढ़ाई कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि बच्चों का भविष्य अंधकार में जा रहा है. यहां पर 9 फैकल्टी की जरूरत है, पर 2 ही फैकल्टी होने से बच्चों की भी पढ़ाई में काफी असर पड़ रहा है.
कॉलेज प्रशासन ने अधिकारियों को भेजे पत्र
होटल मैनेजमेंट के सीनियर टीचर धीरेंद्र सिंह मर्तोलिया ने इस बारे में कहा कि होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट में फैकल्टी की कमी होने के चलते बच्चों ने यह कदम उठाया है. शासन स्तर तक उन्होंने पत्र भेजे हैं. उन्हें लगता है कि कुछ न कुछ ठोस कदम उठाया जाएगा, जिससे बच्चों का भविष्य बच सके. उन्होंने आगे कहा कि इस संस्थान में उत्तराखंड ही नहीं बल्कि दूसरे राज्यों से भी बच्चे पढ़ाई करने के लिए यहां पर पहुंचते हैं. ऐसे में इसे बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए.
.
Tags: Almora News, Local18, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : October 17, 2023, 18:49 IST
