असर खबर का – चिकित्सा विभाग की टीम ने स्कूलों के आस-पास तम्बाकू बेचने वाले चार विक्रेताओं पर की कार्रवाई

कोटा। शहर में स्कूलों के बाहर बिकने वाले तंबाकू बिक्री पर आखिरकार प्रशासन ने सूध ले ही ली। बुधवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम हरकत में आई और आनन- फानन में चार तंबाकू विक्रेताओं के चालान काटकर तंबाकू व विज्ञापन सामग्री को हटाया। उल्लेखनीय है कि दैनिक नवज्योति ने बुधवार के अंक में ‘ना गाइडलाइन का खौफ ना बच्चों की चिंता, शहर में खुल्ले आम विद्यालयों के बाहर बिक रहा तंबाकू’ शीर्षक से खबर प्रकाशित करने के बाद कलक्टर व सीएमएचओं हरकत में आए और चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर जुर्माना वसूला और नोटिस जारी किए। 

अब स्कूल के आसपास बिक्री रोकने का चलेगा सघन अभियान
सीएमएचओ डॉ. जगदीश सोनी ने बताया कि शहर में स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों के आस-पास तम्बाकू बिक्री की नवज्योति में खबर लगने की सूचना मिलने पर चिकित्सा विभाग का तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ हरकत में आ गया। कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी व सीएमएचओ डॉ. जगदीश सोनी के निर्देश पर बुधवार को चिकित्सा विभाग की टीम ने रामपुरा व गुमानपुरा में स्कूलों के आस-पास के क्षेत्र में निरीक्षण कर स्कूलों के निकट 4 तम्बाकू विक्रेताओं के चालान काटे।

सामग्री नष्ट करवाई
तम्बाकू विज्ञापन संबधी सामग्री को हटाकर नष्ट करवाया। वहीं सभी दुकानदारों को कोटपा नियमों का पालन करते हुए ही सामग्री विक्रय करने के निर्देश दिए। उल्लंघन होने पर कोटपा अधिनियम के तहत नियामानुसार कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इसके साथ ही विभाग द्वारा पुलिस थानों में समन्वय करके विद्यालयों के निकट तंबाकू बिक्री रोकने के लिए सघन अभियान चलाने के संबध में भी वार्ता की गई। कार्रवाई टीम में डिप्टी सीएमएचओ हैल्थ डॉ.घनश्याम मीणा, डॉ सतोष नागर व तम्बाकू नियत्रंण प्रकोष्ठ के कार्मिक शामिल थे।