Last Updated:
38th National Games Uttarakhand: उत्तराखंड में आज से 38वें राष्ट्रीय खेलों का आगाज होने जा रहा है. राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे. आइए जानते हैं राष्ट्रीय खेल कितने दिन चलेंगे, कौन-…और पढ़ें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम पुष्कर सिंह धामी.
हाइलाइट्स
- प्रधानमंत्री मोदी करेंगे राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन.
- 28 जनवरी से 14 फरवरी तक चलेंगे राष्ट्रीय खेल.
देहरादून: उत्तराखंड में आज यानी 28 जनवरी से 38वें राष्ट्रीय खेलों का आगाज होने जा रहा है. खेल विभाग और स्थानीय प्रशासन आयोजन को सफल बनाने के लिए कई दिनों से तैयारियों में जुटा हुआ है. आखिर ऐसा हो भी क्यों न, जब नेशनल गेम्स का उद्घाटन करने देश का प्रधानमंत्री खुद आने वाला हों. राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे. आइए जानते हैं राष्ट्रीय खेल कितने दिन चलेंगे, कौन-कौन से खेल खेले जाएंगे और क्या कुछ खास होगा…
देहरादून में होंगे राष्ट्रीय खेल
28 जनवरी को देहरादून में 38वें नेशनल गेम्स की भव्य उद्घाटन समारोह होगा. यह आयोजन उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण क्षण होगा, जो राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा. खेल मंत्री रेखा आर्या का कहना है कि हमारा लक्ष्य है कि विश्वभर के लोग हमारे राज्य में इन खेलों को देखें और उत्तराखंड को एक प्रमुख खेल स्थल के रूप में पहचानें.
इस समय पहुंचेंगे पीएम मोदी
बता दें, राष्ट्रीय खेलों का मुख्य उद्घाटन समारोह मंगलवार शाम छह बजे से आठ बजे के बीच आयोजित किया जाएगा. समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय खेलों का विधिवत आगाज करेंगे. प्रधानमंत्री दोपहर तीन बजकर 20 मिनट पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे और फिर 3:45 बजे वह राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम पहुंचेंगे.
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच खेलों का होगा आगाज
प्रधानमंत्री स्टेडियम के पास बने राष्ट्रीय खेल सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व राज्य के खेल अधिकारियो के साथ बैठक भी करेंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के समक्ष राज्य से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का प्रस्तुतिकरण दिया जाएगा. राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में लाइटनिंग और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच राष्ट्रीय खेलों का होगा शुभारंभ.
आज रहेंगे स्कूल बंद
वहीं, देहरादून में जिला प्रशासन ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाग लेने के मद्देनजर मंगलवार को स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, ’38वें राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह के लिए देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन! इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तराखंड की धरती पर आदरणीय प्रधानमंत्री का आगमन प्रत्येक खिलाड़ी के लिए अविस्मरणीय और गौरवपूर्ण क्षण है. पीएम मोदी के प्रयासों से देश में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ी है. युवा पीढ़ी को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिला है. उनके मार्गदर्शन में भारत ने वैश्विक मंच पर कई खेलों में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है.’
कितने दिन चलेंगे ये खेल?
उत्तराखंड में आयोजित हो रहे राष्ट्रीय खेल 28 जनवरी से 14 फरवरी तक चलेंगे. ये खेल 8 जिलों के 11 शहरों में आयोजित किए जाएंगे. राष्ट्रीय खेलों में 36 राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश भाग लेंगे. 17 दिनों तक 35 खेल विधाओं के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी. इनमें से 33 खेलों के लिए पदक प्रदान किए जाएंगे, जबकि दो प्रदर्शनी खेल होंगे.
इन्हें भी किया गया शामिल
योग और मल्लखंब को पहली बार राष्ट्रीय खेलों में शामिल किया गया है. इस आयोजन में देश भर से 10,000 से अधिक एथलीट भाग लेंगे. इस वर्ष राष्ट्रीय खेलों की थीम ‘ग्रीन गेम्स’ है, जो स्थिरता पर केन्द्रित है. आयोजन स्थल के पास स्पोर्ट्स फॉरेस्ट नामक एक विशेष पार्क विकसित किया जाएगा, जहां खिलाड़ी और अतिथि 10,000 से अधिक पौधे लगाएंगे. राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह को भव्य बनाने के लिए सरकार ने भव्य तैयारी की है. उद्घाटन समारोह का ब्लॉक और जिलास्तर पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा.
Dehradun,Uttarakhand
January 28, 2025, 12:20 IST
आज होगा उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का आगाज, PM मोदी करेंगे शिरकत
