authorimg


देहरादूनः उत्तराखंड में कई दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है. नदी नाले उफान पर हैं. जगह जगह भूस्खलन से कई सड़कें बाधित हो गई हैं. कई क्षेत्रों में खतरा मंडरा रहा है. अभी मौसम साफ होने वाला नहीं है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी और ऊधमसिंह नगर जिलों में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है. आईएमडी ने रुद्रपुर, हल्द्वानी, काशीपुर, कोटद्वार, मसूरी, खटीमा, श्रीनगर, चकराता, रुड़की, लक्सर, भगवानपुर, विकासनगर और देवप्रयाग में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है.

उत्तरकाशी : दो नेशनल हाईवे, दो स्टेट हाईवे और 55 ग्रामीण सड़कें बंद

जनपद उत्तरकाशी में लगातार बारिश के चलते गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे, दो स्टेट हाईवे और 55 ग्रामीण लिंक मार्ग बाधित हो गए हैं. सड़कें बंद होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ताजा हालात देवीधार-पिपली मोटरमार्ग के हैं, जहां पूरा पहाड़ सड़क पर आ गया है. इसके चलते 30 गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है. जिले के सैकड़ों गांवों में ऐसे ही हालात बने हुए हैं. प्रशासन ने खराब मौसम में लोगों को घर पर ही सुरक्षित रहने की सलाह दी है.

पौड़ी : नदियों में उफान, पुलों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

पौड़ी जनपद में भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं. कोटद्वार के कई इलाकों में भू-कटाव का खतरा मंडरा रहा है. बड़े मोटर पुलों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है. डीएम पौड़ी ने कोटद्वार में मालन और खोह नदी के तटीय इलाकों का निरीक्षण किया और पुलों की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने सिंचाई विभाग को भू-कटाव रोकने और बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए. साथ ही स्थानीय प्रशासन को पुलों की नींव और संरचना की नियमित जांच करने और नदियों के जलस्तर पर निगरानी रखने के आदेश दिए.

चकराता-त्यूणी हाईवे चौथे दिन भी बंद

चकराता-त्यूणी राष्ट्रीय राजमार्ग 707A चौथे दिन भी आवाजाही के लिए बंद है. रोटाखड़ के पास पूरी सड़क वॉश आउट हो चुकी है और पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गया है. लगातार गिर रहा मलबा और पत्थर मार्ग खोलने में बड़ी बाधा बने हुए हैं. हाईवे की टीम सड़क खोलने में जुटी है, लेकिन मार्ग बहाल होने में अभी और समय लग सकता है.

चमोली में कई सड़कें बाधित
चमोली में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. ग्रामीण इलाकों में कई सड़कें बाधित हो चुकी हैं. हालात को देखते हुए आज भी जिले के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए.

ऋषिकेश में गंगा नदी उफान पर
ऋषिकेश में देर रात से हल्की से मध्यम बारिश जारी है. गंगा नदी उफान पर है और प्रशासन ने नदी किनारे रहने वालों से सतर्क रहने की अपील की है.

अल्मोड़ा में पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक व्यक्ति घायल
अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण-बासोट रोड पर पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया. पिपलगांव निवासी फकीर सिंह देर शाम घर लौट रहे थे तभी अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे. उनके सिर और पैर में चोट आई है. उन्हें सीएचसी भिकियासैंण में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.

By