जयपुर। एसओजी ने डमी परीक्षार्थी के माध्यम से परीक्षा से पूर्व लीक पेपर की परीक्षा दिलवाने वाले फरार आरोपी सुरेश कुमार बिश्नोई निवासी सुरता ढाणी सांचौर जालोर को गिरफ्तार किया है। एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि आरपीएससी ने वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2022 की 24 दिसम्बर 2022 को विज्ञान विषय और 29 जनवरी 2023 को सामान्य ज्ञान व शैक्षणिक मनोविज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की थी। 23 दिसम्बर को देर रात उदयपुर में बेकरिया पुलिस थाना के बाहर नाकाबंदी में एक बस में से स्थानीय पुलिस ने 37 अभ्यर्थियों, 4 डमी परीक्षार्थियों सहित पेपर लीक गिरोह के 4 अन्य अभियुक्तों को 24 दिसम्बर 2022 के सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान विषय के हल प्रश्न-पत्र के साथ गिरफ्तार किया था।
24 दिसम्बर को अभ्यर्थी सुरेश बिश्नोई का सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान विषय की परीक्षा का परीक्षा केन्द्र राजकीय गर्ल्स सीनियर सैकण्ड्री स्कूल आयड महासत्या आयड, उदयपुर था। परीक्षा तिथि 24 दिसम्बर 2022 को अभ्यर्थी सुरेश बिश्नोई ने अपने स्थान पर परीक्षा देने वाले डमी अभ्यर्थी गणपत लाल बिश्नोई निवासी सेडिया सांचौर जालोर को परीक्षा देने भेजा था। सुरेश का डमी अभ्यर्थी गणपत लाल से सात लाख रुपए में सौदा तय हुआ था। सुरेश 24 दिसम्बर से ही फरार चल रहा था। एसओजी की हेल्प लाइन पर शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि सुरेश आबू रोड रेलवे स्टेशन से एक ट्रेन में सफर कर रहा है। इस पर टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अब तक 69 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
