कहीं हाथों पर मेहंदी तो कहीं लग रही चौपाल, देहरादून में जगह-जगह चल रही चुनावी पाठशाला


हिना आज़मी/ देहरादून. लोकतंत्र का महापर्व यानी लोकसभा चुनाव की तारीख आहिस्ता-आहिस्ता पास आ रही है. उम्मीद जताई जा रही है कि चुनाव आयोग मार्च के पहले या दूसरे हफ्ते में तारीखों का ऐलान भी कर सकता है .ऐसे में चुनाव आयोग और जिला प्रशासन के साथ कई विभाग मिलकर मतदान जागरूकता अभियान चला रहा है. इसी कड़ी में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में जगह-जगह चुनावी पाठशाला चल रही हैं. देश की भावी पीढ़ी को इस अभियान से जोड़ने के लिए स्कूलों में टीमें पहुंच रही हैं.

स्कूलों में मतदाता जागरूकता अभियान के थीम पर मेहंदी प्रतियोगिताएं, कविता प्रतियोगिताएं और कला प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, तो वहीं युवाओं और महिलाओं को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए शपथ दिलाई जा रही है. समूह की महिलाएं, आशा बहनें डोर टू डोर जाकर महिलाओं को एक जिम्मेदार नागरिक बनकर मतदान करने की शपथ दिला रही हैं. गांव से शहर तक स्कूलों से सड़कों तक नुक्कड़ नाटक, गीत, चित्रकला और रैलियों के जरिए हर नागरिक से मतदान करने की अपील की जा रही है ताकि हर नागरिक लोकतंत्र के इस उत्सव में हिस्सा ले सके.

नए वोटर्स को दिया जा रहा तोहफा
देहरादून की डीएम सोनिका ने बताया कि चुनाव के लिए बड़े स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. SVEEP के तहत जागरूकता वैन देहरादून की सड़कों पर दौड़ रही है. वोटर लिस्ट अपडेट किया जा रहा है. जो मतदाता पहली बार वोट देंगे, उन्हें भी तोहफा भी दिया जा रहा है. पोलिंग स्टेशनों का निरीक्षण किया जा रहा है ताकि उनमें सभी मौलिक सुविधाएं उपलब्ध हो. डोर टू डोर एक्टिविटी करते हुए सभी लोगों से मतदान करने की अपील की जा रही है ताकि हर नागरिक लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा ले सके.

वोट देना हर नागरिक का कर्तव्य
देहरादून निवासी राजकुमार गर्ग का कहना है कि देश में रहने वाले हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह अपने देश के लिए एक अच्छी सरकार चुने. इसके लिए वह मतदान जरूर करना चाहिए. वहीं यदि कोई व्यक्ति इसके महत्व से परिचित नहीं है तो भी उसे इस जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया जाए.

Tags: Dehradun news, Local18, Uttarakhand news