कुमाऊं में बारिश का रेड अलर्ट, उत्तराखंड में इस तारीख से साफ रहेगा मौसम
हल्द्वानी. उत्तराखंड में 8 जुलाई से मौसम साफ होने की संभावना है. उससे पहले कुमाऊं मण्डल में दो दिनों के लिए बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में सभी जिलाधिकारियों ने संबंधित विभाग के अफसरों व कर्मचारियों को अलर्ट रहने के लिए कहा है. प्रदेशभर में अगले दो दिनों के लिए भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 6 और 7 जुलाई को पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चम्पावत, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिले में भारी बारिश होने की संभावना है. बारिश के साथ आकाशीय बिजली की भी संभावना है. ऐसे में लोगों को सुरक्षित स्थानों व घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है. वहीं भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए नैनीताल की जिलाधिकारी वंदना सिंह ने जिले के समस्त स्कूलों में 6 जुलाई को अवकाश घोषित कर दिया है.
गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून और हरिद्वार में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ बिक्रम सिंह ने बताया कि 7 जुलाई तक राज्य में भीषण बारिश होने की संभावना है, इसलिए सभी लोग पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से बचें और अपना ध्यान रखें. वहीं इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए पेड़ों के पास न खड़े हों.
जिलों में तापमान की स्थिति
उत्तराखंड में शुक्रवार को अधिकांश जिलों में दिनभर बारिश रही. इस बीच देहरादून का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा. टिहरी का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा. मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा. अल्मोड़ा का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
Tags: IMD alert, Local18, UK News, Uttarakhand Rains
FIRST PUBLISHED : July 5, 2024, 20:52 IST