कैसे स्कूल में ली गई NCC आपका सेना में जाने का सपना पूरा कर सकती है, इन एक्सपर्ट ने दिया हर जवाब


कमल पिमोली/ पौड़ी गढ़वाल.एनसीसी यानी  “नेशनल केडेट कॉर्प्स” की स्थापना 16 जुलाई 1948 को की गई थी. इसका उद्वेश्य छात्रों, युवाओं को सेना के बुनियादी प्रशिक्षण देना है. एनसीसी में तीन सर्टिफिकेट होते हैं. इनकी अपनी मान्यतायें होती है व इन प्रमाण पत्रों को प्राप्त करने के लिए ड्रिल, कैंप व लिखित परीक्षा को पास करना होता है. जिसके बाद ही छात्र का एनसीसी कोर्स पूरा होता है.

डिफेंस में जाने का शौक़ रखने वाले युवाओं को अपने स्कूल या काॅलेज समय में NCC जरूर लेनी चाहिए. यहाॅ व्यक्तित्व निखार के साथ-साथ आपको देशभक्ति, अनुशासन व सेना के छोटे हथियारों को चलाने की ट्रेनिंग के साथ ड्रिल, मैप रीडिंग का प्रशिक्षण दिया जाता है.

स्कूल या कॉलेज में कर सकते हैं NCC कोर्स

एनसीसी का संबंध भारत की तीनों सेनाओं, जल सेना, थल सेना और वायु सेना से है. देश के लगभग हर स्कूल व विश्वविद्यालय में एनसीसी कोर्स मौजूद है. अपने मूल मंत्र “एकता और अनुशासन“ के मूल्यों के साथ एनसीसी के कैडेट प्रशिक्षण लेते हैं. एनसीसी में शामिल होने वाले युवाओं को सर्टिफिकेट प्रदान किए जाते हैं जिससे कि वह अपनी गुणवत्ता बता सकें हालांकि वे सेना में शामिल होना चाहते हैं या नहीं ये उनका अपना फैसला होता है. एनसीसी में शामिल होकर वे सेना में शामिल होने के लिए बाध्य नहीं होते हैं.

NCC के लिए फिजिकल निकालना जरुरी

सूबेदार बलवंत सिंह बताते हैं कि देश सेवा की भाव रखने वाला व भविष्य में सेना का हिस्सा बनने की चाह रखने वाला छात्र एनसीसी में अपनी दिलचस्पी जरूर दिखाता है हांलाकि एनसीसी का सिलेक्शन प्रोसेस कोई आसान नहीं है. जिन छात्रों को एनसीसी कोर्स करना होता है उनका पहले आर्मी की तरह शारीरिक परीक्षा, लिखित परीक्षा व मेडिकल कराया जाता है. इसके बाद ही छात्र को एनसीसी में शामिल कर कड़ी ट्रेनिंग दी जाती है जिससे कि वे आने वाले समय में सेना में शामिल होकर एक परफेक्ट सोल्जर बनकर देश सेवा करें.

C सर्टिफिकेट का सर्वाधिक लाभ

कैप्टन उत्तम सिंह रावत बताते हैं कि एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट हासिल करने वाले छात्रों को सेना, अर्धसैनिक बलों के अलावा विभिन्न सरकारी नौकरियां में विशेष छूट मिलती है. इसके अलावा डिफेंस में जीडी से लेकर ऑफिसर रैंक तक में लिखित परीक्षा भी NCC सी सर्टिफिकेट धारक को नहीं देनी होती है. बताते हैं कि A,B सर्टिफिकेट स्कूल समय में ही प्राप्त किया जा सकता है. वहीं C सर्टिफिकेट के लिए उच्च शिक्षा में एनसीसी करना होता है. जानकारी देते हुए बताते हैं कि B सर्टिफिकेट के लिए 18 महीनो की ट्रेनिंग चाहिए होती है. इसके साथ ही एनसीसी के बेस्ट कैडेटों को गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली परेड में शामिल होने का मौका भी मिलता है.

भारत-पाकिस्तान युद्व में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

1962, 1965, 1971 के युद्वों में एनसीसी कैडेटों ने सेना की काफी मदद की, लेकिन एनसीसी कैडेटों की जांबाजी भारत पाकिस्तान युद्ध के दौरान नजर आई. इस युद्व में एनसीसी केडेटों ने भारत पाकिस्तान युद्ध के दौरान मुख्य धारा की सेना का कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया. ओर अस्त्रों शस्त्रों को एक जगह से दूसरी जगह पहुॅचाना, सेना के सैनिकों को सहायता प्रदान करने का कार्य बखूबी किया.

Tags: Hindi news, Join Indian Army, Local18, NCC