कोटा उत्तर वार्ड 59- क्लीन कोटा, ग्रीन कोटा की तर्ज पर हो रहे वार्ड के काम

कोटा। शहर के कोटा उत्तर वार्ड 59 क्लीन कोटा, ग्रीन कोटा की तर्ज पर साफ-सफाई के मामले में काफी ठीक है लेकिन वार्ड में स्ट्रीट डॉग से लोगो हर समय खतरा बना रहता है। जिसके चलते वाहनचालकों व राहगीरों में काफी डर बना रहता है। वहीं माला रोड स्थित सरकारी क्वार्टरों के आस-पास जंगली घास उगी हुई है। वहा के लोगो का कहना है कि जहरीले जीव कई बार क्वार्टर में भी आ चुके है। यहां लोगों ने कचरा प्वाइंट बना रखा है। वार्ड में कचरा संग्रहण गाड़ी रोजाना आती है लेकिन कॉलोनिवासी खाली पड़ी जगह में कचरा डाल रहे है। स्थानीय निवासी राजेश मीणा ने बताया कि क्वार्टर में लगे पेड़ भी जर्जर है इसकी भी छंगाई करवानी चाहिए। सड़क के पास ही नाला ओवर फ्लो होने से पानी कई बार क्वार्टरों में भी आ जाता है। नाले में साफ-सफाई नहीं होने से हमेशा दुर्गंध बनी रहती है। पास ही सामाजिकारिता विभाग का छात्रावास भी स्थित है। दूर-दराज से आने वाले बच्चे भी यहीं रहकर अध्ययन करते हैं। रात में यहां मच्छरों का प्रकोप होने से बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है। वार्ड के  लिए सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम के लिए सामुदायिक भवन भी नहीं है। वैसे यहां के निवासी वार्ड पार्षद से काफी संतुष्ट है। उनके अनुसार उनकी वार्ड की समस्याओं का निस्तारण फोन पर बताने के बाद तुरंत हो जाता है। वैसे पार्षद भी वार्ड की कॉलोनियों में जाते रहते है। कुछ कॉलोनियों में जरूर नालियों की सफाई को लेकर शिकायतें है। वार्ड की सभी नालियां ढकी हुई है। रहवासियों के अनुसार कुछ ब्लॉक खुले होने के कारण कचरा भी जमा हो रखा है, इस कारण सफाई करने में काफी दिक्कत आती रहती है। 

वार्ड का एरिया
महाराव भीमसिंह कॉलोनी, बाल मंदिर स्कूल, पोस्ट आॅफिस रोड, जैन मंदिर, नानक पैलेस, श्रीनाथ अपार्टमेन्ट, सनफ्लार रेस्टोरेन्ट, मंगलायतन, उम्मेद भवन, आंशिक आर्मी क्षेत्र शामिल है।

पैसे देकर भी करवाते है सफाई
माला रोड पर स्थित चम्बल कॉलोनी के लोगों ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि मुख्य सड़क पर कचरा फैला रहता है लेकिन हमें कई बार पैसे देकर साफ सफाई करवानी पड़ती है। वहीं मकान के बाहर जंगली झाड़ियां उगी हुई है। जंगली झाड़ियों के कारण कई बार जहरीले जीव क्वार्टरों में आ चुके है। आए दिन जहरीले जीवों के कारण काटने का खतरा बना रहता है। कॉलोनी की सड़क पर कैमरा भी हमने लगवाया है ताकि चोरी नहीं हो।

रहवासी बोले- वार्ड में कम है समस्या
स्थानीय निवासियों ने बताया कि हमारा वार्ड काफी साफ एवं स्वच्छ है। यहां के पार्षद सभी की समस्या सुनते है। फोन करने पर भी कई बार समस्याओं का समाधान हो जाता है। इस वार्ड में नालियां ढकी हुई है। यहां की सड़कें काफी अच्छी बनी हुई है। यहां सड़कों पर कई बार मवेशियों का जरूर जमावड़ा रहता है। वार्ड में स्थित दुकानों के मालिको ंने भी वार्ड को काफी साफ व स्वच्छ बताया। सभी रहवासी संतुष्ट है।

मंदिर परिसर में लगी है लॉकिंग टाइलें
माला रोड पर स्थित कॉलोनी में महादेव का मंदिर बना हुआ है। यहां आने वाली महिलाओं ने बताया कि यहां मंदिर परिसर में लॉकिंग टाइले लगी हुई है। यहां साफ-सफाई रोजाना होती है। हर त्योहार में धार्मिक कार्यक्रम होते है। यहां होने वाले हर कार्यक्रम में कॉलोनिवासियों का सहयोग बना रहता है।
-मंजू सुमन, वार्डवासी

लोगों के काम होते हैं 
हमारे वार्ड में सड़कों व नालियों की सफाई व्यवस्था ठीक है। यहां पार्षद कॉलोनियों में आते रहते है। सभी लोगों को रहवासियों से वार्ड की समस्याओं के बारे में जानकारी लेते रहते है। यह शहर का काफी अच्छा वार्ड है। 
-पापा राव

नाले की नहीं हो रही सफाई
हमारे क्वार्टरों में लगे पेड़ काफी पुराने व जर्जर है। इनकी टहनियों का फैलाव ज्यादा है तथा गिरने का भी डर बना रहता है। माला रोड पर बने नाले में पानी की निकासी व्यवस्था सही नहीं है। नाले में हमेशा दुर्गंध बनी रहती है। आने-जाने वाले राहगीरों को भी काफी परेशानी होती है।
-राजेश कुमार मीणा, वार्डवासी

इनका कहना है
क्लीन कोटा, ग्रीन कोटा की तर्ज पर साफ-सफाई को लेकर वार्ड को काफी बेहतर बनानें की कोशिश रहती है। वार्ड में स्ट्रीट डॉग की समस्या ज्यादा है, जिसके लिए अधिकारीयों को अवगत करवाया गया है। वार्ड के लोगों की समस्यों का समाधान उचित पर कर दिया जाता है। वार्ड को बेहतर बनाने के लिए वार्ड में कई विकास कार्य किये गए है।
-लव शर्मा, पार्षद, नेता प्रतिपक्ष भाजपा 

 

By admin