कोटा दक्षिण वार्ड 23 - झूलते बिजली के तार व नालियों के टूटे ढक्कन बने मुसीबत, पार्क को जीर्णोद्धार की दरकार

कोटा। शहर के नगर निगम दक्षिण के वार्ड 23 में पार्षद द्वारा वार्ड में विकास के कार्य करवाए गए पर वार्ड की मुख्य रोड पर कुछ दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान रखने से रोड पर फोर व्हीलर के आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं वार्डवासियों ने बताया कि वार्ड पार्षद द्वारा समय-समय पर वार्ड का निरीक्षण किया जाता है। वार्ड में प्रतिदिन कचरा गाड़ी आती व रोड की सफाई भी प्रतिदिन होती है। वार्डवासी ने बताया कि वार्ड की रोड लाइट बारिश के दिनों में कभी-कभार बंद हो जाती है साथ ही रात्रि में आवारा कुत्तों की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ता है। वार्डवासियों ने बताया कि वार्ड में स्थित तिकोना पार्क का विकास नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। बच्चों को खेलने व मॉर्निंग वॉक के लिए अन्य जगहों पर जाना पड़ता है।

लटकते तार हादसों को दे रहे न्यौता
 वार्ड में रामतलाई के आसपास के क्षेत्र में बिजली के तार जमीन से महज कुछ ही दूरी पर झूल रहे हैं। वहीं इनके आसपास दिनभर वाहनों का आवागमन रहता है जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

नालियों के टूटे ढक्कन 
गलियों में नालियों के टूटे ढक्कन व टूटे सीसी के ब्रेकर से बाइक सवारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही अंधेरे में कई बार इनसे हादसा होने का अंदेशा रहता है।

गड्ढे बने परेशानी 
वार्ड के मुख्य रोड जिसमें महिला थाने जाने वाले रोड में जगह-जगह पर गड्ढे हो रहे हैं। जिससे आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है साथ ही इनसे उछलती गिट्टियां भी राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं।

वार्ड का एरिया 
रामतलाई कच्ची बस्ती, झूलेलाल मंदिर, तिकोना पार्क, सूरजपोल गेट, महिला थाना, श्रीपुरा गर्ल्स स्कूल, कृष्ण दूध डेयरी, बाबरा पाड़ा, साबरमती हरिजन बस्ती, आध भाग छोटी गाड़ी खाना, बेसिक मॉडल स्कूल, पशु ट्रेनिंग सेंटर क्षेत्र वार्ड के अंतर्गत आता है।

वार्ड में कचरा गाड़ी प्रतिदिन आती व सफाई भी नियमित होती है। वार्ड में पार्षद द्वारा समय-समय पर निरीक्षण करती है
– श्याम सिंह

टिपर अंदर तक नहीं आता है। रोड पर ही खड़ा रहता है। जिससे कचरा डाल नहीं पाते हैं इससे परेशानी का सामना करना पड़ता है।       – शाहरुख

रामतलाई व आसपास के क्षेत्रों के विद्युत तार को अधिकारियों को ऊंचा करने के लिए अवगत कर रखा है। नालियों के टूटे ढक्कन को जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा। तिकोना पार्क के विकसित करने के लिए अधिकारियों को अवगत करा रखा है। वर्क आॅर्डर होते ही पार्क का विकास करवाया जाएगा।
– आरती शाक्यवाल, पार्षद 23 (बीजेपी)

By admin