Weather Update : जयपुर सहित कई जिलों में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा भी बरपा रहा कहर

जयपुर। राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। इसके साथ ही शीतलहर और घना कोहरा भी मुश्किलें बढ़ा रहा है। तेज ठंड के कारण जहां स्कूलों में छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं तो कोहरे के कारण हादसे भी बढ़ गए हैं। राजस्थान में मंगलवार को सीजन का सबसे घना कोहरा रहा। जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर सहित 15 से ज्यादा जिलों में सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रहा। भरतपुर के गहनौली में सुबह 8 बजे कोहरे के कारण एक ट्रेलर ने महिला को कुचल दिया। हादसे से गुस्साए लोगों ने मेगा हाईवे जाम कर दिया। जयपुर के चौमूं में एक स्कॉर्पियो और ईको कार में टक्कर हो गई। हादसे में 2 लोग घायल हुए हैं। श्रीगंगानगर में भी बस और कार की भिड़ंत हो गई। 

राजधानी में सबसे अधिक धुंध
राजधानी जयपुर में इस सीजन की सबसे ज्यादा धुंध मंगलवार को रही। सुबह करीब 11 बजे तक शहर के अधिकतर हिस्सों में विजिबिलिटी 30 मीटर से भी कम रही। जयपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री दर्ज किया गया। पर्वतीय स्थल माउंट आबू में लगातार छठे दिन पारा जमाव बिंदु पर दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में डूंगरपुर में सबसे कम 3 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।

शीतलहर का असर बना रहेगा 
मौसम विभाग केन्द्र जयपुर के अनुसार राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा और आगामी 2-3 दिन राज्य के कुछ भागों में सुबह के समय घना कोहरा व दिन में भी शीतलहर चलने की संभावना है। आगामी दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री गिरावट होने व राज्य के उत्तरी भागों में शीतलहर की संभावना है। 

By admin