क्लास में स्टूडेंट बनकर पहुंचे IAS दीपक रावत, अंग्रेजी के टीचर से पूछा सवाल, नहीं मिला जवाब तो...


पवन सिंह कुंवर/ हल्द्वानी. उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के कमिश्नर IAS दीपक रावत अपनी तेजतर्रार छवि के लिए देशभर में अलग पहचान रखते हैं. वह अक्सर किसी भी सरकारी विभाग या संस्था में निरीक्षण के लिए पहुंच जाते हैं. अव्यवस्था मिलने पर अधिकारियों का वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस देने में वह जरा भी नहीं हिचकते. हर शनिवार को हल्द्वानी दफ्तर में लगने वाला उनका ‘जनता दरबार’ भी जनता को बहुत राहत देता है. यहां हर शिकायत का समाधान होता है. IAS अफसर दीपक रावत के निरीक्षण का ताजा मामला एक इंटर कॉलेज का है, जहां की शिकायत उनको मिली थी. टीचर के सही से न पढ़ाने की शिकायत मिलते ही वह अचानक स्कूल पहुंच गए और छात्र बनकर पढ़ने लगे. इस दौरान संतोषजनक पढ़ाई न होने पर उन्होंने टीचर और प्रिंसिपल की जमकर फटकार लगाई.

कुमाऊं के कमिश्नर दीपक रावत ने फूलचौड़ के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज का अचानक निरीक्षण किया. इस दौरान रावत ने स्कूली बच्चों से कई विषयों के बारे में जानकारी हासिल की. स्कूली छात्राओं से प्रयोगशाला में कुछ प्रैक्टिकल वर्क भी करवाए. वहीं राजनीति शास्त्र और अर्थशास्त्र की कक्षा में पहुंचकर कमिश्नर दीपक रावत ने बच्चों से कई सारे सवाल पूछे. निरीक्षण के दौरान अर्थशास्त्र विषय को लम्बे अरसे से बच्चों को नहीं पढ़ाने पर कमिश्नर ने प्रधानाचार्य आशीष शर्मा और अर्थशास्त्र के टीचर जमन सिंह मेहरा को फटकार लगाई.

दीपक रावत ने टीचर को क्लास लेने को कहा
बच्चों ने कमिश्नर को बताया कि स्कूल में अंग्रेजी विषय के टीचर लाल सिंह द्वारा इंग्लिश विषय में उन्हें कुछ नहीं पढ़ाया जाता है. लाल सिंह द्वारा सेल्फ स्टडी ही कराई जाती है और अंग्रेजी के चैप्टर में केवल सारांश बताया जाता है. जिस पर दीपक रावत ने लाल सिंह को क्लास लेने को कहा. आयुक्त के कहने पर लाल सिंह द्वारा अंग्रेजी विषय का पाठ पढ़ाए जाने पर वह बच्चों को हिंदी में भावार्थ बताने में नाकाम रहे. जिसके बाद IAS अफसर ने टीचर लाल सिंह के साथ ही प्रिंसिपल आशीष शर्मा को भरी क्लास में फटकार लगाई और कहा कि पहले वह खुद पढ़ें उसके बाद बच्चों को पढ़ाएं. निरीक्षण के दौरान उन्होंनेक्लास में आने वाले टीचरों के अटेंडेंस रजिस्टर को भी देखा.

स्कूल में पढ़ाई न कराने की मिली थी शिकायत
IAS दीपक रावत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा फूलचौड़ के अटल उत्कृष्ट आदर्श इंटर कॉलेज में शिकायत मिली थी कि टीचर द्वारा क्लासेस नहीं ली जा रही हैं और चैप्टर को समझाया नहीं जा रहा है. टीचर द्वारा केवल सारांश बताया जा रहा है. निरीक्षण केदौरान उन्होंने बच्चों के साथ बातचीत की और इसकी पुष्टि हुई कि वाकई में स्कूल में टीचरों द्वारा बच्चों की क्लासेज ठीक तरीके से नहीं ली जा रही हैं. उन्होंने कहा कि मौके पर एडी शिक्षा को निरीक्षण नोट भेजने के निर्देश दिए गए. एडी शिक्षा को स्कूल का निरीक्षण करने को कहा है. दीपक रावत ने प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि प्रत्येक क्लास की मॉनिटरिंग की जाए. साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए. आयुक्त ने कहा कि एडी शिक्षा के निरीक्षण के बाद वह दोबारा स्कूल का निरीक्षण करेंगे.

Tags: Haldwani news, Local18

By admin

Leave a Reply