गोविंदा का जबरा फैन…हिमांशु ने कुछ इस तरह मनाया 'हीरो नंबर 1' का बर्थडे


रोहित भट्ट/ अल्मोड़ा. बॉलीवुड के हीरो नंबर वन के नाम से मशहूर अभिनेता गोविंदा (Govinda Birthday) का 21 दिसंबर को जन्मदिन था. गोविंदा 60 साल के हो चुके हैं. वैसे तो गोविंदा के चाहने वाले आपको हर जगह मिल जाएंगे, पर उत्तराखंड के अल्मोड़ा के रहने वाले हिमांशु कांडपाल अभिनेता के सबसे बड़े फैन हैं. हिमांशु हमेशा गोविंदा की तरह अपना लुक रखते हैं. वह उन्हीं की तरह कपड़े पहनते हैं और उनका स्टाइल फॉलो करते हैं. हिमांशु को ‘अल्मोड़ा का गोविंदा’ भी कहा जाता है. एक्टर के जन्मदिन पर हिमांशु ने अल्मोड़ा के स्प्रिंग डेल्स स्कूल के बच्चों के बीच जाकर केक काटा और अपने हीरो नंबर 1 को बर्थडे विश किया.

हिमांशु कांडपाल ने हर साल की तरह इस बार भी गोविंदा का जन्मदिन धूमधाम से मनाया. इस बार उन्होंने स्प्रिंग डेल्स स्कूल के बच्चों के साथ एक्टर का बर्थडे सेलिब्रेट किया. उन्होंने बच्चों को गोविंदा के बारे में बताया और उन्हें थिएटर की भी जानकारी दी. इसके अलावा हिमांशु ने गोविंदा के गानों पर भी ठुमके लगाए और बच्चों को भी नाचने पर मजबूर कर दिया. इसके बाद उन्होंने बच्चों के साथ मिलकर केक भी काटा. गोविंदा 60 साल के हो चुके हैं और आज भी वह पहले की तरह एनर्जी से भरपूर नजर आते हैं.


गोविंदा को अल्मोड़ा बुलाना चाहते हैं हिमांशु

हिमांशु कांडपाल ने कहा कि वह पिछले कई साल से गोविंदा का जन्मदिन मना रहे हैं. गोविंदा की कई शानदार मूवी, कई बेहतरीन डायलॉग और उनके डांस को लोग आज भी पसंद करते हैं. इस बार उन्होंने स्कूल के बच्चों के साथ गोविंदा का जन्मदिन मनाया. बच्चों को थिएटर के बारे में जानकारी दी. उन्होंने और उनके साथी भास्कर तिवारी ने बच्चों के साथ कई बातें साझा की. हिमांशु ने बताया कि वह इसी तरह से गोविंदा के जन्मदिन को हर साल मनाते रहेंगे और उनकी लंबी उम्र की कामना करते रहेंगे. उनका सपना है कि वह गोविंदा को एक बार अल्मोड़ा बुलाना चाहते हैं.

Tags: Almora News, Govinda, Local18, Uttarakhand news