दिनभर आवारा मवेशियों का लगा रहता है जमावड़ा

रावतभाटा। रावतभाटा शहर के बीचों-बीच बसा वार्ड नंबर 37 पिछले काफी समय से बदहाली का शिकार है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दीपिका तिल्लानी का वार्ड होते हुए भी कभी इस वार्ड की समस्याओं का समाधान नहीं हो सका। जानकारी के अनुसार वार्ड 37 के नया बाजार क्षेत्र में बच्चों के खेलने और लोगों के घूमने के लिए 2008 में बनाए गए सेंट्रल पार्क में कोई सुविधा नहीं है। बच्चों के लिए लगाए गए झूले भी नदारद हैं। जिम्मेदारों की अनदेखी के कारण बच्चों के खेलने के लिए बना एक मात्र पार्क पूरी तरह खत्म हो गया। जिससे यहां शराबियों तथा अवैध गतिविधियों में लिप्त आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का रात भर जमावड़ा लगा रहता है। अवैध गतिविधियों के लिए आमदनी के लिए नगर प्रशासन द्वारा बनाए गए सार्वजनिक भवन का दुरूपयोग किया जा रहा है। इस मार्ग से जाने वाली स्कूली छात्राओं को मनचलों का डर बना रहता है। गंदगी और बदबू से परेशान हो रहे वार्डवासी पार्क में मुख्य गेट तक नहीं है। जिससे आवारा मवेशी दिनभर पार्क में बैठे रहते हैं। गंदगी का तो आलम यह है कि शौचालय निर्माण तो करवाया गया, लेकिन सीवरेज लाइन डालना ही नगर पालिका प्रशासन भूल गया। जिसके कारण समस्त वार्ड क्षेत्र में गंदगी और बदबू से लोग परेशान हैं।

बदबू के कारण यहां रहना भी मुश्किल हो रहा है। हवा के साथ बदबू घरों के अंदर तक आती है। 
– जितेंद्र जैन, वार्डवासी

चारों तरफ पार्क में केवल गंदगी ही गंदगी है। अपराधी प्रवृत्ति के लोग रात के समय यहां बैठकर शराब का सेवन करते हैं।
– ओमप्रकाश सेन, वार्डवासी

कई तरह के गलत कार्यों के लिए सार्वजनिक भवन का इस्तेमाल किया जा रहा है। आसपास रहने वाले परिवारों पर इसका बुरा असर पड़ता है। क्षेत्र में कई चेन स्नेचिंग की घटनाएं हो चुकी हैं।
– जितेंद्र सेन, वार्डवासी

हम कई वर्षों से यहां रह रहे हैं। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष का वार्ड भी है। लेकिन फिर भी इस वार्ड पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। ना ही सफाई की कोई माकूल व्यवस्था है। 
– ललिता सोनी, गृहिणी

नगर पालिका अध्यक्ष से सेंट्रल पार्क की समस्या के समाधान की मांग की गई है। इस समस्या के समाधान की सख्त जरूरत है। 
– रौनक चौधरी, नगर युवा मोर्चा अध्यक्ष

इनका कहना
सेंट्रल पार्क की समस्या को लेकर शिकायत मिली है। जल्द ही समस्या का समाधान कर लोगों को राहत दी जाएगी। 
– मधु कंवर हाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष

By admin