नए साल पर घूमने का है प्लान, तो यहां छुपा है रोमांच से भरा उत्तराखंड का 'मिनी थाइलैंड'


अरशद खान/ देहरादून. नए साल पर अक्सर लोग घूमने के लिए पहाड़ों का रुख करते हैं. इस समय स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियां भी पड़ चुकी हैं, तो लोग अपनी फैमिली के साथ घूमने निकलते हैं. बात अगर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की कर ली जाए, तो यहां आपको घूमने के लिए कई ऐसी जगह मिल जाएंगी, जो आपकी ट्रिप को यादगार बना देंगी, लेकिन यहां एक पर्यटन स्थल इतना बेहतरीन है कि यहां पहुंचकर किसी विदेशी जगह जैसा अनुभव होता है. जी हां, देहरादून में ‘मिनी थाईलैंड’ के नाम से मशहूर रॉबर्स केव (Robbers Cave Dehradun) अपने आप में एक अलग ही पहचान रखती है. रॉबर्स केव को गुच्चु पानी भी कहा जाता है और यह पर्यटक स्थल अपनी एक ऐतिहासिक पहचान भी रखता है. नए साल पर आप यहां अपनी छुट्टियों का मजा दोगुना कर सकते हैं.

Local 18 से बातचीत में गुच्चु पानी (Guchu Pani Dehradun) पहुंचे गुजरात, केरल, दिल्ली, नोएडा के पर्यटक कहते हैं कि उन्हें यहां आकर बेहद अच्छा लग रहा है. यहां आकर पता चल रहा है कि इसे मिनी थाईलैंड (Mini Thailand in Uttarakhand) क्यों कहा जाता है. रॉबर्स केव देहरादून के सभी पर्यटक स्थलों में सबसे बेस्ट है. वे लोग ऋषिकेश, मसूरी भी घूमकर आए लेकिन एक रोमांच भरा पर्यटक स्थल उन्हें रॉबर्स केव ही लगा. सैलानियों ने ऐसे पर्यटक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील करते हुए गंदगी का न फैलाने का संदेश दिया.

डाकुओं का अड्डा था रॉबर्स केव

गुच्चु पानी को अंग्रेजों के जमाने में रॉबर्स केव कहा जाता था. इसे डाकुओं की गुफा इसलिए कहते थे क्योंकि उस समय डकैती के बाद डाकू सामान सहित इन्हीं गुफाओं में छुप जाया करते थे. अंग्रेजों के लिए उन्हें इस गुफा में ढूंढना काफी चुनौती भरा होता था. इस गुफा को डाकू मान सिंह का अड्डा भी माना गया है. डाकू मान सिंह अंग्रेजी सेना से बचने के लिए इसी गुफा में आकर छुप जाया करता था.

कैसे पहुंचे रॉबर्स केव?

यदि आप रॉबर्स केव घूमना चाहते हैं, तो आपको सबसे पहले उत्तराखंड की राजधानी देहरादून आना होगा. दिल्ली से आने वाले पर्यटक ट्रेन-बस या फिर अपने वाहन से सफर कर आसानी से देहरादून पहुंच सकते हैं. ट्रेन में आपको स्लीपर का किराया 215 रुपये और थर्ड एसी का किराया 585 रुपये लगेगा. वहीं दिल्ली से देहरादून रेड बस का किराया 499 रुपये है. देहरादून पहुंचने के बाद रेलवे स्टेशन से आपको रॉबर्स केव के लिए टैक्सी या सिटी बस आसानी से मिल जाती है. गुच्चु पानी पहुंचने के बाद आपको एंट्री टिकट लेना पड़ता है, जो 30 रुपये का है. प्रवेश द्वार से बाहर ही आपको 10 रुपये में किराये पर चप्पल मिल जाएगी. जूते उतार कर ही अंदर जाएं क्योंकि पानी में आपके जूते भीग सकते हैं.

Tags: Dehradun news, Happy new year, Local18, Uttarakhand news