निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक, अभिभावक बाजार से भी खरीद सकेंगे किताबें
जयपुर। प्रदेश में संचालित हो रहे प्राइवेट स्कूलों को लेकर शिक्षा विभाग ने नए दिशा-निर्देश जारी की है। इसमें किताबों, यूनिफॉर्म और फीस बढ़ोतरी को लेकर नियम तय किए गए हैं। पेरेंट्स अब स्कूल के अलावा बाजार से भी यूनिफॉर्म और किताबें खरीद सकेंगे। वहीं, प्राइवेट स्कूल की मनमानी को देखते हुए जारी की गई 10 सूत्री यह दिशा-निर्देश करीब 40 हजार प्राइवेट स्कूलों पर लागू होगी। इन नियमों का पालन नहीं करने पर स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग ने निर्देशों की पालना को लेकर सभी अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। सभी जिला शिक्षा अधिकारी निजी स्कूलों को निर्देश देकर उनसे निदेर्शों की पालना करवाएं। यदि किसी भी निजी स्कूल के खिलाफ किसी भी प्रकार की कोई शिकायत मिलती है तो तत्काल निराकरण करें, इसमें देरी होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इन निर्देर्शो को प्रत्येक निजी स्कूल को अपने नोटिस बोर्ड पर चस्पा और वेबसाइट पर अपलोड करना होगा।
– आशीष मोदी, निदेशक, माध्यमिक शिक्षा विभाग